GE एयरोस्पेस ने दी बड़ी जानकारी
GE एयरोस्पेस के प्रवक्ता ने बताया कि अमेरिकी कंपनी को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और भारतीय वायु सेना के साथ साझेदारी करने पर गर्व है।
08 अक्टूबर, 2026 – नई दिल्लीः अमेरिकी रक्षा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी GE एयरोस्पेस ने सितंबर में तेजस लड़ाकू विमान के लिए चार F404–IN20 इंजन भारत को सौंपे हैं। कंपनी भारत के स्वदेशी तेजस फाइटर जेट्स के लिए जरूरी इंजन मुहैया कराने पर फोकस कर रही है। GE एयरोस्पेस के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि अमेरिकी कंपनी को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और भारतीय वायु सेना के साथ साझेदारी करने पर गर्व है।
अमेरिकी कंपनी ने बुधवार को तेजस लड़ाकू विमान के लिए चार F404–IN20 इंजन भारत को सौंपे जाने की जानकारी दी। कंपनी का कहना है कि वह इंजन मुहैया कराने के लिए काम कर रही है।
अगस्त में तीन इंजन भारत भेजे थे
इससे पहले, अमेरिकी डिफेंस कंपनी GE एयरोस्पेस ने सितंबर में बताया था कि उसने भारत के लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस प्रोग्राम के लिए अगस्त में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को तीन F404-IN20 इंजन सौंपे हैं। GE एयरोस्पेस ने अगस्त 2026 में HAL को तीन F404-IN20 इंजन भेजे थे।
सप्लाई की दिक्कतों के कारण देरी
बहरहाल, यह डिलीवरी ऐसे समय में हुई है जब HAL को LCA तेजस Mk1A प्रोग्राम के लिए F404 इंजन मिल रहे हैं, जिसमें सप्लाई की दिक्कतों के कारण देरी हुई थी। HAL के पूर्व चेयरमैन डीके सुनील ने अप्रैल में बताया था कि GE ने 2026 की दूसरी छमाही में, यानी जून और दिसंबर के बीच, 20 F404 इंजन देने का भरोसा दिलाया था।
सुनील ने कहा था, ‘हमारे पास पांच इंजन हैं, छठा इंजन अब तैयार है। इसे जल्द ही ले लिया जाएगा। पिछली बार जब मैंने GE का दौरा किया था, तो उन्होंने भरोसा दिलाया था कि वे इस कैलेंडर साल की दूसरी छमाही में, यानी जून और दिसंबर के बीच, हमें 20 इंजन देंगे। GE से यही संकेत मिला है। उन्होंने मुझे बताया है कि वे इससे बेहतर कर सकते हैं।’
तेजस के प्रोडक्शन और डिलीवरी में देरी
बता दें कि इंजन की उपलब्धता एक अहम कारक रही है जिसने LCA Mk1A एयरक्राफ्ट के प्रोडक्शन और डिलीवरी को प्रभावित किया है। HAL ने कहा है कि उसकी प्रोडक्शन लाइन तैयार है, लेकिन डिलीवरी GE F404 इंजन की उपलब्धता पर निर्भर करती है।
नवभारत टाइम्स