Amritsar: स्कूटी पर जा रहे अध्यापक की गला काटकर हत्या, बेटी को ट्यूशन छोड़कर लौट रहे थे जगदीप
02 जून, 2026 – अमृतसर (पंजाब) : जगदीप सिंह अपनी बेटी को एक्टिवा पर ट्यूशन छोड़ने गए थे। लौटते समय कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर उनका गला काट दिया।
अमृतसर के नारायणगढ़ इलाके में अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़कर लौट रहे एक अध्यापक की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव तलवंडी निवासी जगदीप सिंह के रूप में हुई है।
जगदीप सिंह सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अपनी बेटी को एक्टिवा पर ट्यूशन छोड़ने गए थे। वापस लौटते समय नारायणगढ़ के नजदीक कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला किया और उनका गला काट दिया। गंभीर चोटों और अधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
अमर उजाला
मक्खू में दुकानदार की हत्या: दो बदमाशों ने दुकान पर बैठे युवक पर दागी गोलियां, थाने से 400 मीटर दूर हुई वारदात
02 जून, 2026 – मक्खू : जहां हत्या हुई, वह दुकान पुलिस थाना से लगभग चार सौ मीटर दूर थी। मृतक की पहचान गुरचरण सिंह काला गाबा के तौर पर हुई है।
ब्लाक मक्खू में सोमवार दोपहर बारह बजे दो बदमाशों ने एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व उसे वाट्सएप पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने धमकी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी वारदात स्थल पर पहुंच गए और अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, नाराज दुकानदार मक्खू थाना के समक्ष धरने पर बैठ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरचरण सिंह काला गाबा अपनी दुकान पर बैठा था। उसकी दुकान पर दो व्यक्ति आए और पिस्तौल से गोलियां दागनी शुरू कर दी। गाबा के सीने में गोली लगी और वह जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। डाक्टरों ने उसकी चिंताजनक हालत देख मोगा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे जीरा के पूर्व कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने कहा कि इस वारदात के बाद दुकानदारों व व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार ने फैसला लिया है किजब तक आरोपियों को काबू नहीं कर लिया जाता, तब तक वे न तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे।
दो दिन में जिले में लगभग गोलियां चलने की पांच वारदात हो गई हैं। जीरा ने कहा कि पुलिस खुद की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। दो दिन पूर्व हरिके हैड चौकी पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड पर जानलेवा हमला कर बदमाश उसकी राइफल व दस राउंड मैगजीन छीनकर भाग गए। पुलिस अभी तक आरोपी नहीं पकड़ सकी है। दूसरी तरफ, गाबा के एक दोस्त ने बताया कि गाबा को वाट्सएप पर किसी व्यक्ति की कुछ माह पहले धमकी आई थी। गाबा ने अपना वाट्सएप ग्रुप बंद कर लिया था। आज आरोपी उसे दुकान पर आकर मार गए हैं।
अमर उजाला