अमेरिका द्वारा वैश्विक आतंकी घोषित लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ कमांडर मुहम्मद सरवर की पाकिस्तान में मौत हो गई। वह मस्जिद जाते समय अचानक गिर पड़ा।
19 अक्टूबर, 2026 – लाहौर : अमेरिका द्वारा वैश्विक आतंकी घोषित मुहम्मद सरवर की रविवार को मस्जिद जाने के दौरान अचान गिरने से मौत हो गई। वह पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बताया गया है।
वह एक दशक से अधिक समय तक लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ कमांडर रहा था। PMML मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा की राजनीतिक शाखा है। सरवर सईद का बहुत ही करीबी था।
मस्जिद की सीढ़ियों से गिरने के बाद सिर में लगी चोट
PMML ने एक बयान में कहा है कि वह नमाज के लिए घर से मस्जिद जा रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। PMML ने सरवर की मौत का सटीक कारण नहीं बताया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मौत सीढ़ियों से गिरने के बाद सिर में लगी चोट के कारण हुई।
अमेरिका ने घोषित किया था वैश्विक आतंकी
अमेरिका ने 2016 में सरवर और लश्कर-ए-तैयबा के एक अन्य नेता शाहिद महमूद को वैश्विक आतंकी घोषित किया था। इस कार्रवाई का उद्देश्य लश्कर-ए-तैयबा के धन जुटाने और उसे सहायता मुहैया कराने वाले नेटवर्क को समाप्त करना था।
दैनिक जागरण