पेट्रोलियम मंत्री ने जताई आशंका, टेंशन में अवाम
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने देश में पेट्रोल की कीमत 1000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा है कि ऐसा भी समय आ सकता है कि पैसा होने के बावजूद पेट्रोल न मिले। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने अक्तूबर तक पेट्रोल सप्लाई को लेकर व्यवस्था कर ली है और देश के पास पर्याप्त स्टॉक है।
21 सितंबर, 2026 – लाहौर: पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने रविवार को देश में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर देश में ईंधन की कमी होती है, तो पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें 1,000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा, “हो सकता है कि किसी भी कीमत पर पेट्रोल न मिले।” पेट्रोलियम मंत्री के इस बयान के बाद पाकिस्तान में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। एक दिन पहले ही पाकिस्तान सरकार ने पात्र नागरिकों के लिए अपनी ईंधन राहत योजना के तहत प्रति टोकन पांच लीटर पेट्रोल की सीमा को समाप्त किया है।
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने इस दौरान जोर देकर कहा कि पाकिस्तान में अभी ईंधन की कोई कमी नहीं है, क्योंकि सितंबर के लिए शिपमेंट और अक्टूबर के लिए प्लानिंग पहले ही पक्की हो चुकी है। हालांकि, ईंधन की फिजिकल उपलब्धता बनाए रखना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संघर्षों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 80% की बढ़ोतरी हुई है, हालाँकि पाकिस्तान ने अब तक घरेलू उपभोक्ताओं पर कीमतों में ~50% की ही बढ़ोतरी का बोझ डाला है।
पाकिस्तान में ऊर्जा संकट क्यों गहरा रहा
पाकिस्तान भले ही अक्तूबर तक के लिए ईंधन सप्लाई की प्लानिंग कर चुका है। लेकिन, होर्मुज जलडमरूमध्य के लगातार बंद रहने और मध्य पूर्व संघर्ष में तेजी पाकिस्तान की प्लानिंग को बिगाड़ सकता है। सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले ने पाकिस्तान के एक अहम वैकल्पिक सप्लाई रूट को सीमित कर दिया है। इस कारण पाकिस्तान खाड़ी क्षेत्र से बाहर के वैकल्पिक सप्लायर्स की तलाश कर रहा है, जिसमें अमेरिका, पश्चिम अफ्रीका और लीबिया से कच्चा तेल आयात करना या ओमान (सोहार) के रास्ते शिपमेंट मंगाना शामिल है।
पाकिस्तान की बढ़ने वाली हैं मुश्किलें
इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि भले ही पाकिस्तान का तेल स्टॉक और बुक किए गए कार्गो अक्टूबर तक की मांग पूरी कर सकते हैं, लेकिन अगर सर्दियों के मौसम में भी क्षेत्रीय संघर्ष जारी रहता है, तो नवंबर तक सप्लाई में कमी की समस्या शुरू हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी। ऐसे में पाकिस्तान सरकार इसका बोझ सीधे अवाम पर डाल सकती है।
पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमत कितनी है?
वर्तमान में पाकिस्तान में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 389.14 रुपये है। वहीं, हाई-स्पीड डीजल की कीमत 424.04 रुपये है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम विभाग का कहना कि घरेलू पेट्रोलियम कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार की दरों से जुड़ी हुई हैं। एक दिन पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किए गए संशोधन में अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम कीमतों में बदलाव, प्लैट्स दरें, प्रीमियम और पेट्रोलियम उत्पादों के मूल्य निर्धारण से जुड़ी अन्य लागतों को ध्यान में रखा गया है।
नवभारत टाइम्स