होर्मुज जलडमरूमध्य से बेरोक-टोक गुजरेंगे भारतीय जहाज
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोघद्दम ने बताया कि भारतीय जहाजों को पारगमन (आवाजाही) प्रतिबंधों से छूट दी गई है
06 नवंबर, 2026 – तेहरान : भारत की कूटनीति ने एक बार फिर अपना जलवा दिखाया है। ईरान ने फिर दोहराया है कि भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में लागू प्रतिबंधों से छूट दी गई है। वे बिना रोक-टोक के आवाजाही कर सकते हैं।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोघद्दम ने कहा कि पारगमन (आवाजाही) प्रतिबंधों से छूट दी गई है और भारत, चीन, इराक तथा कतर के जहाज बिना किसी रोक-टोक के इस जलमार्ग से गुजर सकते हैं।
अहमद हयात आर्थिक और सुरक्षा स्थितियों की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के संबंध में, हमने भारत, चीन, इराक और कतर को छूट दी है। वे स्वतंत्र हैं, यानी हमारी नजर में उन पर कोई पाबंदी नहीं है। अमेरिकियों को भी उनसे कोई दिक्कत नहीं है। हमने भारतीयों के लिए ऐसा इसलिए किया है ताकि हम उनसे दवाइयां आयात कर सकें। हमने चीनियों के लिए ऐसा इसलिए किया है ताकि हमें उनसे राजनीतिक समर्थन मिल सके, हालांकि हम उनसे पैसे भी लेते हैं। मेरा मतलब है कि हम उनसे पैसे (ट्रांजिट फीस) लेते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के साथ संभावित टकराव के खतरों के बीच, ईरान के शीर्ष अधिकारी देश के सैन्य नेतृत्व पर कतर की मध्यस्थता वाले एक समझौते पर विचार करने के लिए जोर दे रहे हैं।
पांचजन्य