हाफिज सईद के बेटे ने असीम मुनीर को कहा ‘शुक्रिया’
Asim Munir: पाकिस्तानी सेना ने ही आतंकवादियों को पाले-पोसे हैं और उन्हें भारत में आतंकवाद फैलाने के लिए दशकों से इस्तेमाल किया है। तलहा सईद, उस हाफिज सईद का बेटा है जो लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख था और जो मुंबई में 26/11 आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था।
26 नवंबर, 2026 – इस्लामाबाद: लश्कर-तैयबा जिसे यूनाइटेड नेशंस भी आतंकवादी संगठन ठहरा चुका है वो पाकिस्तानी सेना से किस हद तक जुड़ी है इसकी पोल एक बार फिर से खुल गई है। लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर हाफिज तलहा सईद जो खूंखार आतंकी हाफिज सईद का बेटा है उसने सार्वजनिक तौर पर पाकिस्तानी सेना के प्रमुख असीम मुनीर को धन्यवाद दिया है। तल्हा सईद ने पाकिस्तान के जिहादी संस्थानों का समर्थन करने के लिए असीम मुनीर को शुक्रिया कहा है।
पाकिस्तान में सैकड़ों जिहादी केन्द्र चलते हैं जहां से पूरे दक्षिण एशिया में आतंकवादियों की सप्लाई की जाती है। 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद कई ऐसे जिहादी संस्थानों से जुड़ा रहा है। इन संस्थाओं को पाकिस्तानी सेना की तरफ से भारी भरकम पैसे मिलते रहे हैं।
तलहा सईद ने असीम मुनीर को कहा- शुक्रिया
पंजाब विश्वविद्यालय के इस्लामिक स्टडीज विभाग में बोलते हुए तलहा सईद ने असीम मुनीर के इस्लामिक बैकग्राउंड की तारीफ की है। इससे पता चलता है कि कैसे पाकिस्तानी सेना अभी भी आतंकी संगठनों और आतंकवादियों की मदद कर रही है। पाकिस्तान के स्कूल कॉलेज, विश्वविद्यालय किस तरह से आतंकी संगठनों के साथ जुड़े हुए हैं।
सीएनएन न्यूज 18 ने बताया है कि हाफिज सईद के बेटे तलहा सईद ने पाकिस्तानी सेना से समर्थन की अपील की है। इसके साथ ही उसने पाकिस्तानी सेना की आलोचना को सुनियोजित अभियान बताया है। तलहा सईद ने कहा ‘अल्लाह ने पाकिस्तान को एक फील्ड मार्शल हाफिज असीम मुनीर के रूप में नवाजा है।’ इसके अलावा उसने ‘असीम मुनीर को हाफिज-ए-कुरान बताया।’ यानि एक ऐसा शख्स जिसे पूरा कुरान कंठस्थ है।
तलहा सईद ने पाकिस्तानी सेना की आलोचना को लेकर कहा कि जान बूझकर सेना के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और नेताओं की ऐसी प्रवृति हो गई है। उसने कहा ‘सोशल मीडिया पर सेना की आलोचना हो रही है और ये आलोचना किसके खिलाफ है? हमारी सेना के? आज, हमारी सेना का प्रमुख हाफिज-ए-कुरान है।’
असीम मुनीर और जिहादी संस्थानों में सांठगांठ
तलहा सईद ने इस दौरान पाकिस्तानी सेना और जिहादी सस्थाओं में सांठगांठ की पोल खोल दी है। उसने माना कि असीम मुनीर जिहादी संस्थाओं की मदद कर रहा है और उसने इसके लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख को धन्यवाद भी दिया है। उसने कहा ‘मैं साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि हम पाकिस्तान सरकार, फील्ड मार्शल और उन सभी लोगों का विशेष तौर पर धन्यवाद करते हैं जो मदरसों के संबंध में प्रयास कर रहे हैं।’
तलहा सईद का बयान उस वक्त आया है जब पाकिस्तान में धार्मिक शिक्षण संस्थानों के रजिस्ट्रेशन, रेगुलेशन और उनकी देखरेख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पाकिस्तान में ‘सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन अधिनियम-2024’ में मदरसों के रजिस्ट्रेशन के प्रावधान किए गये हैं। मदरसों के ऑडिट रिपोर्ट से जुड़ी शर्तें तय की गई हैं।
नवभारत टाइम्स