9 वर्षीय बच्चे को बुरी तरह नोचा; पूरे शरीर पर गड़ा दिए दांत
लुधियाना के नूरवाला रोड पर एक खाली प्लाट में खेल रहे नौ वर्षीय रोहित पर चार-पांच आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के सिर और शरीर पर कई जगह काटा। एक महिला ने डंडे से कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया। परिजनों ने बच्चे को सिविल अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोग नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
09 फरवरी, 2026 – लुधियाना : महानगर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। निगम के तमाम दावों के बावजूद शनिवार देर शाम नूरवाला रोड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खाली प्लाट में खेल रहे नौ वर्षीय बच्चे पर चार-पांच आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।
कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर सिर से लेकर पूरे शरीर पर कई जगह दांत गड़ा दिए। जानकारी के अनुसार नूरवाला रोड पर बाला जी फैक्ट्री के पास रहने वाला नौ वर्षीय रोहित शाम के समय पास के खाली प्लाट में खेल रहा था।
इसी दौरान अचानक चार-पांच आवारा कुत्ते वहां पहुंचे और बच्चे पर झपट पड़े। कुत्तों के हमले से बच्चा नीचे गिर गया और कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। इस दौरान बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद एक महिला डंडा लेकर मौके पर पहुंची।
महिला ने साहस दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और बच्चे को उनके चंगुल से छुड़ाया। अगर कुछ देर और हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर गए।
डाक्टरों ने बताया कि बच्चे के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुत्तों के काटने के गहरे घाव हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को घर भेज दिया गया।
इलाके में दहशत, निगम पर लापरवाही का आरोप
घायल बच्चे के पिता त्रिलोकी, जो एक फैक्ट्री में काम करते हैं ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार कुत्ते लोगों पर हमला कर चुके हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
दैनिक जागरण