गली में खेल रही बच्ची को नोचा
लुधियाना के गोविंदगढ़ में एक आवारा कुत्ते ने गली में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची चांदनी पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बच्ची की चीख सुनकर उसे कुत्ते से बचाया।
23 फरवरी, 2026 – लुधियाना : गोविंदगढ़ के जुगियाना फाटक के पास आवारा कुत्ते ने गली में खेल रही तीन वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
बच्ची की पहचान चांदनी के रूप में हुई है। उसकी मां खुशबू ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे चांदनी घर के बाहर खेल रही थी।
अचानक बच्ची की चीख सुनकर परिजन बाहर दौड़े तो देखा कि आवारा कुत्ता उसे जमीन पर गिराकर नोच रहा था। किसी तरह कुत्ते को भगाकर बच्ची को बचाया।
गंभीर रूप से घायल चांदनी को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
दैनिक जागरण
लुधियाना में ट्रांसपोर्टर की बेटी पर कुत्ते ने किया हमला, 4 मिनट तक नोचा; खून से लथपथ हालत में पहुंचाया अस्पताल
लुधियाना के राजगढ़ फ्यूजन इलाके में एक आवारा कुत्ते ने 2 साल की बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ता बच्ची को करीब चार मिनट तक नोचता रहा। उसके रोने की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए और उसे बड़ी मुश्किल से बच्ची को कुत्ते से छुड़ाया। कुत्ते के हमले के बाद खून से लथपथ हालत में बच्ची को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
23 फरवरी, 2026 – लुधियाना : लुधियाना के राजगढ़ फ्यूजन इलाके में आवारा कुत्तों से लोगों का जीना हराम हो गया है। गली में गुमने वाले आवारा कुत्ते लगातार बच्चों पर हमला कर रहे हैं। सोमवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया। घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर दिया।
बच्ची को 4 मिनट तक नोचता रहा कुत्ता
राजगढ़ फ्यूजन इलाके में घर के बाहर खेल रही ट्रांसपोर्टर की दो वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्ता बच्ची को करीब चार मिनट तक नोचता रहा। उसके रोने की आवाज सुनकर परिजन और लोग बाहर आए और उसे बड़ी मुश्किल से कुत्ते से छुड़ाया।
इसके बाद परिजनों ने खून से लथपथ बच्ची को चंडीगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। बच्ची के शरीर पर कुत्ते के काटने के सात जगह घाव हो गए हैं।
इलाके में कुत्ते से परेशान हैं लोग
बच्ची के पिता नरेश कुमार ने बताया कि जाह्नवी उनकी इकलौती बेटी है। सोमवार को वह घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वह घर से बाहर आए। उन्होंने लोगों की मदद से बच्ची को कुत्ते से बचाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
कालोनी के प्रधान गौरव ने बताया कि इस इलाके में कुत्तों से लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कुत्ते लगातार बच्चों पर हमला कर रहे हैं, जिससे बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन समस्या का हल नहीं निकला।
दैनिक जागरण