इसे कहते हैं इंसानियत! जहां त्रासदी वहां मोर्च पर भारत, ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ पर इंडियन आर्मी ने की छाती चौड़ी
वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत राहत सामग्री, भीष्म क्यूब और मेडिकल टीम भेजी। भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल प्रभावित लोगों को चौबीसों घंटे मुफ्त उपचार उपलब्ध करा रहा है।
नई दिल्लीः वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी मानवीय सहायता की ताकत दिखाई है। भारत ने ‘ ऑपरेशन अमिस्ताद ‘ के तहत राहत सामग्री, सेना की मेडिकल टीम और अत्याधुनिक आरोग्य मैत्री (BHISHM) क्यूब भेजकर प्रभावित लोगों की मदद शुरू कर दी है। भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल अब वहां 24 घंटे मुफ्त इलाज भी दे रहा है।
पूर्व संयुक्त राष्ट्र सहायक महासचिव और भारत की पूर्व राजदूत लक्ष्मी एम. पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में कहीं आपदा आती है, तो भारत केवल मदद नहीं करता, बल्कि लोगों को भरोसा भी देता है। उनके मुताबिक, भारत ने आपदा प्रबंधन को केवल राहत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पहले से तैयारी और तेज कार्रवाई पर भी जोर दिया है।
क्या है ऑपरेशन अमिस्ताद?
ऑपरेशन अमिस्ताद भारत का मानवीय सहायता अभियान है, जिसे वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद शुरू किया गया। इसके तहत भारतीय वायुसेना के C-17 विमान राहत सामग्री, दवाइयां और भारतीय सेना की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम लेकर वेनेजुएला पहुंचे।
BHISHM क्यूब की खासियत
भारत का स्वदेशी BHISHM (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री) क्यूब कुछ ही समय में एक आधुनिक फील्ड अस्पताल में बदल सकता है। इसमें ट्रॉमा केयर, ऑपरेशन, ICU, ऑक्सीजन और जरूरी मेडिकल उपकरण मौजूद हैं, जिससे आपदा के समय तुरंत इलाज शुरू किया जा सकता है।
G20 में भी भारत ने रखा था यही विजन
लक्ष्मी एम. पुरी ने कहा कि भारत ने G20 के दौरान भी दुनिया को यह संदेश दिया था कि केवल आपदा आने के बाद राहत पहुंचाना ही काफी नहीं है। बेहतर तैयारी, जोखिम कम करना और समय रहते कार्रवाई करना ही भविष्य की सही दिशा है।
दुनिया के लिए भरोसेमंद साझेदार बन रहा भारत
वेनेजुएला से पहले भी भारत कई देशों में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान तेजी से मदद पहुंचा चुका है। ऑपरेशन अमिस्ताद एक बार फिर दिखाता है कि भारत जरूरत के समय मानवता को सबसे ऊपर रखकर दुनिया के भरोसेमंद साझेदार की भूमिका निभा रहा है।
नवभरत टाइम्स