14 राज्यों से 200 से ज्यादा आतंकी गिरफ्तार
भारत के गृह मंत्री अमित शाह की आइएसआइ को शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क से जोड़ने वाली टिप्पणी से पाकिस्तान तिलमिला गया है।
19 अगस्त, 2026 – इस्लामाबाद : भारत के गृह मंत्री अमित शाह की उस टिप्पणी से पाकिस्तान बुरी तरह तिलमिला गया है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ का संबंध शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क से जोड़ा था।
भट्टी नेटवर्क के सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस से पहले समन्वित सुरक्षा अभियानों के दौरान गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान ने शाह की टिप्पणी को भारत की घरेलू सुरक्षा चुनौतियों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया है।
अमित शाह की टिप्पणी से तिलमिलाया पाकिस्तान
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया के सवालों के जवाब में सोमवार रात जारी बयान में शाह की टिप्पणियों को “बेबुनियाद” बताया और भारत पर आरोप लगाया कि वह पाकिस्तान से जुड़े दावों का इस्तेमाल अपनी घरेलू सुरक्षा चुनौतियों से ध्यान भटकाने के लिए कर रहा है।
शाह ने सोमवार को एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कहा था कि स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 राज्यों में समन्वित अभियानों के दौरान आइएसआइ समर्थित आतंकी समूह ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिससे संगठन की विध्वंसक हमले करने की योजना नाकाम हो गई है।
उधर, डिस्कवरी चैनल की डॉक्यूसीरीज “डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर” पर भी पाकिस्तानी सेना ने तिलमिलाने वाली प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उसने कहा कि इसमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का एकतरफा ब्योरा दिया गया है और लड़ाई की जमीनी हकीकत को नजरअंदाज किया गया है।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ ने कहा कि इस डाक्यूसीरीज में लड़ाई को भारत के नजरिये से और बेहद नाटकीय ढंग से दिखाया गया है। उसने इसमें ऑपरेशन सिंदूर को भारत की सैन्य सफलता बताने पर भी सवाल उठाए।
दो हिस्सों वाली इस डॉक्यूसीरीज में भारत के वरिष्ठ राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व 88 घंटे तक चले संघर्ष से जुड़ी घटनाओं के बारे में बता रहे हैं।
दैनिक जागरण