ड्रोन से भेजे एके-47, तीन पिस्तौल व 36 कारतूस जब्त
अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा भेजी गई एके-47, तीन विदेशी पिस्तौल और 36 कारतूस बरामद किए हैं। दो तस्कर, अमरजीत सिंह और गुरसेवक सिंह, गिरफ्तार किए गए हैं।
14 मार्च, 2026 – अमृतसर : पंजाब में लगातार किए गए गैंगस्टरों के एनकाउंटर करने वाले पुलिस अफसर बदमाशों के निशाने पर हैं। अमृतसर (देहात) पुलिस के CIA स्टाफ ने शुक्रवार को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भेजी गई एके-47, तीन विदेशी पिस्तौल और 36 कारतूस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पता चला है कि इस बार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निशाने पर पुलिस इमारतें नहीं बल्कि कुछ पुलिस अफसर हैं, जिन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों ने उक्त हथियार ड्रोन से भारतीय क्षेत्र (अटारी) में गिराए हैं। आरोपितों की पहचान छेहरटा निवासी अमरजीत सिंह उर्फ रोहित और अटारी स्थित नवीं आबादी निवासी गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है।
CIA स्टाफ को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपित हथियारों की खेप लेकर उसे ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को छापामारी करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से एके 47, तीन पिस्तौल और 36 कारतूस बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि यह हथियार पाकिस्तानी ड्रोन ने नीले रंग के सूटकेस में डालकर भारतीय हद में गिराए हैं। दोनों आरोपितों के कब्जे से मिले दो मोबाइल ने भी पाक हैंडलरों को लेकर कई राज खोले हैं।
पुलिस ने शुक्रवार शाम दोनों को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। जांच में सामने आया है कि दोनों के खिलाफ पहले किसी तरह का आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, लेकिन आरोपित पिछले छह महीने से इंटरनेट मीडिया के कई प्लेटफार्म के जरिए पाकिस्तान में बात कर रहे थे।
पुलिस आरोपितों की मोबाइल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशंस भी निकलवा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह को आइईडी लगाकर उड़ने का प्रयास हो चुका है। थाना खालड़ा की पुलिस ने बाइक सवार दो लोगों को काबू करके उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक मैगजीन, एक मोबाइल बरामद किया है। थाना खालड़ा में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आया है कि ड्रोन से उक्त लोगों ने असलहा मंगवाया था।
दैनिक जागरण