पंजाब के 35% घरों में पहुंचा नशा!, युवाओं ने लिया ‘संकल्प’
अमृतसर में नशा मुक्त पंजाब संकल्प समारोह 2026 में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने युवाओं को नशे से बचाने का आह्वान किया।
21 अप्रैल, 2026 – अमृतसर : नशा मुक्ति चेतना संघ पंजाब की ओर से गुरुद्वारा साहिब संत बाबा दर्शन सिंह जी कुल्ली वाले काले घनुपुर बाईपास अमृतसर में आयोजित नशा मुक्त पंजाब संकल्प समारोह 2026 के दौरान संबोधित करते हुए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि किसी देश को कमजोर करना है तो उस देश की नौजवानों को कमजोर कर दो, देश अपने आप कमजोर हो जाएगा। देश के नौजवानों को नशे में डालने के लिए पाकिस्तान अकेले इतनी हिम्मत नहीं कर सकता, दुनिया की कई शक्तियां मिलकर भारत को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के लोग इन नापाक शक्तियों को उनके मंसूबों में कामयाब नहीं होने देंगे।
नशा मुक्ति चेतना संघ ने लहर पैदा की
कटारिया ने कहा कि नशा मुक्ति चेतना संघ पंजाब की ओर से महज 3 वर्षों में एक लहर खड़ी कर दी है कि देश के नौजवानों को नशे से बचाया जाए। उन्होंने कहा कि यह मिलकर प्रयास करना होगा। अगर हम अभी से नौजवानों को नशे से निकलने में सफल हो गए तो अगले 10 वर्षों में पंजाब अपने पैरों पर पुन: खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि देखने और बैठे रहने से काम नहीं हो पाएगा मिलकर प्रयास करना पड़ेगा। प्रयास छोटा हो लेकिन उसके परिणाम बड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को देखते हुए उन्होंने राजनीतिज्ञ, वाइस चांसलरो, मुख्यमंत्रियों आदि को बुलाया और कहा कि यदि पंजाब में से नशा समाप्त करना है तो सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत में सबसे पहला नाम पंजाब का आता है पंजाब देश को अनाज, सैनिक, खिलाड़ी आदि देता है और इसको किसी भी कीमत पर कमजोर पढ़ने नहीं दिया जाएगा।
इससे पहला नशा मुक्ति चेतना संघ पंजाब के प्रांत संयोजक मदनजीत सिंह जी की ओर से आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने गुरुद्वारा के बाबा गुरदेव सिंह जी महाराज जी का धन्यवाद का किया कि उन्होंने पवित्र गुरुद्वारे में नशा मुक्त पंजाब संकल्प समारोह कार्यक्रम के लिए स्थान दिया।
नशे से बाहर निकलना होगा : जस्टिस खेहर
इससे पहले संबोधित करते हुए देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट जस्टिस श्री जगदीश सिंह खेहर ने कहा कि पंजाब में 35 प्रतिशत घरों में नशा हो चुका है इसे बाहर निकलना होगा। इसके लिए समाज के सभी घटकों को एक साथ आना होगा।
पंजाब कभी नहीं झुका : कृष्णगोपाल जी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सर कार्यवाह डॉक्टर कृष्ण गोपाल जी ने कहा कि पंजाब ने समय समय पर आक्रमणकारियों को रोका। पंजाब कभी झुका नहीं और हर मुसीबत के समय डटकर खड़ा रहा। पंजाब कृषि का मुख्य केंद्र रहा। वेदों की रचना यहां हुई। युद्ध के लिए तलवार जहां उठाई गई और मोर्चे लगे और इस नशे के खिलाफ लड़ाई में भी पंजाब पीछे नहीं हटने वाला है। उन्होंने कहा कि यह देश नशा करने वालों का नहीं है। नौजवान जो नशे की गिरफ्त में फंसे हैं उन्हें बाहर निकलना होगा। जो लोग नशे से बचे हुए हैं उन्हें बचाकर रखना होगा। यह नशे के खिलाफ लड़ाई को हमें हर हाल में जीतना है।
जब सिद्धांतों से भटकते हैं तो मार्ग भी भटक जाते हैं : संत त्रिलोचन दास जी
दर्शन दरबार बटाला से संत त्रिलोचन दास जी महाराज ने कहा कि जब हम अपने मूल सिद्धांतों से परे हटते हैं तो रास्ते से भटक जाते हैं। ऐसे ही पंजाब में नौजवान अपने रास्ते से भटक गए हैं उन्हें जागरूक करना होगा और वापिस लाना होगा। कोई हमारी बात माने या ना माने परंतु हम कहेंगे कि हमने पंजाब को नशा मुक्त करना है।
युवाओं को खेलों से जोड़ना होगा : वीसी करमजीत सिंह
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉक्टर करमजीत सिंह ने कहा कि नशा से मुक्ति के लिए गुरुओं की बाणी को पढ़ें। जिस प्रदेश में अखाड़ा, जिम, खेल के मैदान आदि हो वह प्रदेश कभी नशे की गिरफ्त में नहीं फंस सकता। जवानी को नशे से निकलने के लिए युवाओं को खेलों के साथ जोड़ना होगा।
देश को कमजोर करने के लिए पड़ौसी देश ढूंढ रहा है नए नए रास्ते : जसबीर सिंह
नशा मुक्ति चेतना संघ से जसबीर सिंह जी ने कहा कि पंजाब की जवानी नशे में रुल रही है। जवानी के साथ-साथ शक्ति भी खत्म हो रही है। हमारे पड़ोसी देश हमें कमजोर करने के लिए नए-नए तरीके ढूंढ रहे हैं। उन्होंने बताया कि महज भारत एक ऐसा देश है जिस पर 37त्न जवान धरती पर है बाकी मुल्कों में यह प्रतिशत बहुत कम है।
उन्होंने कहा कि हमलावरों की सोच को समझने की जरूरत है। नशा दुश्मन देश की ओर से भेजा जा रहा है। दुश्मन देश युद्ध में सफल नहीं हो पा रहे हैं परंतु नशे से जवानी को तबाह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति चेतना संघ निरंतर यही प्रयास कर रहा है नशे के खिलाफ दृढ़ संकल्प लेना होगा ताकि पंजाब को नशा मुक्त पंजाब बनाया जा सके। इस अवसर पर प्रदेश से अलग-अलग धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं स्कूल कॉलेज आदि से भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
पांचजन्य