बांग्लादेश से 12 सीनियर अफसरों को ट्रेनिंग के लिए भेजा पाकिस्तान
बांग्लादेश ने अपने सीनियर अधिकारियों को ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भेजा है। ये अधिकारी लाहौर स्थित सिविल सर्विस एकेडमी में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं, जो 1971 में बांग्लादेश की आजादी के बाद अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है।
06 मई, 2026 – ढाका: बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार भी मोहम्मद यूनुस के रास्ते पर चलती दिख रही है। या इसे यूं कहा जाए कि तारिक रहमान का पुराना पाकिस्तान प्रेम फिर से जाग रहा है? ढाका ने एक मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए 12 सीनियर अधिकारियों को पाकिस्तान में भेजा है। खास बात है कि इस ट्रेनिंग कार्यक्रम का पूरा खर्च पाकिस्तान उठा रहा है। तारिक रहमान सरकार का यह कदम मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली पिछली अंतरिम सरकार में शुरू की गई पहल को आगे बढ़ाता है, जिसमें अधिकारियों ने एक दूसरे देशों में दौरे शुरू किए थे।
यह कार्यक्रम सोमवार शुरू हुआ है। 1971 में बांग्लादेश की आजादी के बाद से पाकिस्तानी में सीनियर बांग्लादेशी अधिकारियों के लिए यह पहली व्यवस्थित ट्रेनिंग है। इसमें एडिशनल सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी रैंक के अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। ET को ढाका स्थित सूत्रों ने बताया कि ये अधिकारी लाहौर में सिविल सर्विस एकेडमी में ट्रेनिंग लेंगे।
बांग्लादेश के इन मंत्रालयों के अधिकारी शामिल
ट्रेनिंग में हिस्सा लेने गए बांग्लादेशी अधिकारियों को वाणिज्य, लोक प्रशासन और गृह मंत्रालय के साथ ही कैबिनेट डिवीजन से चुना गया है। इस चयन को बेहद ही महत्वपूर्ण बताया जा रहा है, क्योंकि शासन और प्रशासन में इन मंत्रालयों की अहम भूमिका होती है। पाकिस्तान के साथ इनके जुड़ाव से इस्लामाबाद को ढाका की प्रशासनिक व्यवस्था तक अधिक पहुंच मिल सकती है।
पाकिस्तान उठाएगा पूरा खर्च
इस प्रोग्राम का पूरा खर्च पाकिस्तान उठाएगा और बांग्लादेश की ओर से कोई वित्तीय योगदान नहीं होगा। लाहौर में पाकिस्तान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस कैंपस में आयोजित इस ट्रेनिंग को दोनों देशों की प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच तुलनात्मक अध्यन को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है। बांग्लादेश में जुलाई 2024 में हुए हिंसक प्रदर्शनों में शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद ढाका और इस्लामाबाद के बीच जुड़ाव बढ़ा है, जिसकी शुरुआत मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौर में हुई थी।
नवभारत टाइम्स