अब तक 13 लोगों की गई जान, 66 घायल, मदद में जुटा भारतीय दूतावास
कतर के गैस प्लांट में रविवार रात हुए धमाके में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। इनमें 12 भारतीय हैं। रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित इस फैसिलिटी में दो दिन पहले ही प्रोडक्शन शुरू किया गया था।
23 जून, 2026 – दोहा: कतर के रास लाफान लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण धमाके में 12 भारतीयों की मौत हुई है। इस धमाके में कुल 13 लोग मारे गए हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी है। दूतावास ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और बताया कि इस घटना में घायल हुए सभी लोगों की हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है। इसके पहले कतर के ऊर्जा मंत्री और कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी साद अल-काबी ने बताया था कि मारे गए लोग भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक थे।
गैस प्लांट धमाके में 66 लोग घायल
यह धमाका बरजान गैस फैसिलिटी में हुआ, जो देश के मुख्य LNG उत्पादन और निर्यात केंद्र रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। कतरी अधिकारियों ने इसे तकनीकी दुर्घटना कहा है और इसकी जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए अल-काबी ने मौतों की पुष्टि की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की। इस धमाके में कुल 66 लोग घायल हैं।
भारतीय दूतावास मदद में जुटा
कतर के दोहा स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में पुष्टि करते हुए बताया, ”रविवार रात हुए रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। हम इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।”
अधिकारियों ने बताया है कि हादसे में घायल हुए सभी लोग अभी स्थिर हालत में हैं और उन्हें सही इलाज दिया जा रहा है। दूतावास कतर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने का काम कर रहा है। इसमें मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था करना भी शामिल है।
70 किमी दूर महसूस किया गया धमाका
दुनिया के सबसे अहम एनर्जी हब में से एक, रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया में धमाका हुआ। यह धमाका तब हुआ, जब फैसिलिटी में कामकाज फिर से शुरू करने की कोशिशें चल रही थीं। धमका इतना तेज था कि इसे 70 किलोमीटर दूर दोहा में महसूस किया गया। इस घटना के बाद बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में जबरदस्त आग लग गई, जिसके बाद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
प्लांट में दो दिन पहले ही शुरू हुआ था उत्पादन
सरकारी कंपनी कतर एनर्जी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक्सपोर्ट टर्मिनल के कुछ हिस्सों को फिर से चालू करने का काम चल रहा था, तभी धमाका हुआ। कंपनी के मुताबिक, रविवार रात इसी काम के दौरान बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में धमाका हुआ और आग लग गई। अल-काबी ने कहा कि यह एक दुर्घटना थी, न कि कोई तोड़फोड़ या जानबूझकर किया गया हमला। जरूरी मेंटेनेंस की वजह से प्लांट का उत्पादन दिसम्बर 2025 में ही बंद कर दिया गया था। इसे दो दिन पहले ही शुरू किया गया था।
बरजान फैसिलिटी कतर के गैस आधारभूत संरचना का एक अहम हिस्सा है, जिसकी उत्पादन क्षमता लगभग 1.4 बिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट प्रतिदिन है। इसका उत्पादन मुख्य रूप से घरेलू बिजली उत्पादन और डिसेलिनेशन प्लांट (खारे पानी को मीठा बनाने वाले प्लांट) को चलाने के लिए किया जाता है, जो इस सूखे खाड़ी देश में पानी की आपूर्ति करते हैं।
नवभारत टाइम्स