पाकिस्तान के एक मौलाना के इस दावे पर कि हाफिज सईद 10,000 आतंकियों को भारत भेज चुका है, लश्कर के करतूतों को जानने वाले सुरक्षा एक्सपर्ट का कहना है कि यह खतरा सिर्फ भारत के लिए नहीं है। अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और पश्चिम एशिया भी नहीं बचेंगे।
20 अगस्त, 2026 – नई दिल्ली: पाकिस्तान के एक मौलाना के दावे पर एक सुरक्षा जानकार ने पूरी दुनिया को आगाह किया है। जम्मू और कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने कहा है कि लश्कर ए तैयबा जैसे आतंकी संगठन और उसके संरक्षक पाकिस्तान जैसे आतंकी देश की रग-रग से वो वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि यह मान लेना कि लश्कर के निशाने पर सिर्फ भारत है तो यह बहुत बड़ी भूल है। वह भविष्य में भारत के शहरों की तरह वाशिंगटन, लंदन और इजरायल तक में आतंकी वारदातों को अंजाम दे सकते हैं।
दरअसल, पाकिस्तान के एक मौलाना ने संभवत: पाकिस्तानी स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त को एक जलसे में यह दावा करके सनसनी मचा दी है कि जेल में बंद लश्कर ए तैयबा का सरगना हाफिज सईद 10,000 आतंकियों को ट्रेनिंग देकर भारत भेज चुका है। इस दावे पर एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू और कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने इस आतंकवादी संगठन को लेकर बहुत सारे खुलासे किए हैं।
‘प्रकृति का नियम है, सच सामने आ ही जाता है’
जनरल वैद्य का कहना है कि अबतक पाकिस्तान यह कहता रहा है कि ये सारे संगठन कश्मीर के मसले का सिर्फ नैतिक समर्थन करते हैं और वह सामाजिक कार्यों में लगे रहते हैं। लेकिन, अब पाकिस्तान के अपने ही लोगों ने उन्हें बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान को बेनकाब करने की जरूरत नहीं है। उनके अपने ही लोग उन्हें बेनकाब कर रहे हैं।…आपको किसी सबूत की जरूरत नहीं है। सच सामने आ ही जाता है। यह प्रकृति का नियम है। आप कितना भी दबा लीजिए, सच सामने आ ही जाता है।’
‘ये आतंकी संगठन किसी के भी शुभचिंतक नहीं हैं’
जम्मू और कश्मीर के पूर्व डीजीपी के मुताबिक, ‘मैं इस टेररिस्तान (पाकिस्तान) का पिछले 35-40 सालों से सामना कर रहा हूं..जिन्हें सच्चाई पता नहीं है, उन्हें संदेह होगा कि ये आतंकी संगठन कितने खतरनाक हैं और इनका एजेंडा क्या है। ये किसी के शुभचिंतक नहीं हैं। सिर्फ कश्मीर घाटी के लोगों के ही नहीं। कश्मीर में कहीं से भी ज्यादा खून बहाया है। लश्कर अनगिनत हत्याओं के लिए जिम्मेदार रहा है। देशभर में आतंकी घटनाओं के लिए जिम्मेदार है।’
इनका मंसूबा दुनिया भर में है। मैंने कई लश्कर आतंकियों से पूछताछ की है। इसलिए यह सिर्फ कश्मीर तक सीमित नहीं हैं।…अगर इन्हें नहीं रोका गया तो यह ऐसी आतंकवादी घटनाएं सिर्फ यहीं नहीं करेंगे, कल लंदन, वाशिंगटन और इजरायल में भी करेंगे।
एसपी वैद्य, पूर्व डीजीपी, जम्मू और कश्मीर
पाकिस्तान से 10,000 लश्कर आतंकी के भारत आने का दावा
- दरअसल, पाकिस्तान के मौलाना नसीर मदनी ने लश्कर ए तैयबा चीफ हाफिज सईद के तारीफों का पुल बांधते हुए दावा किया कि उसने कश्मीर में 10,000 आतंकवादी भेजे हैं।
- मौलाना मदनी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसे 14 अगस्त का बताया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि उसने यह बयान लश्कर के मुख्यालय पाकिस्तान के बहावलपुर में दिया है।
- ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने लश्कर के हेडक्वार्टर को भी टारगेट करके धाराशायी कर दिया था।
- मदनी ने कहा, ‘आज वह जेल में है। वह पाकिस्तान का पहला कैदी होगा, जिसके लिए किसी ने गवाही नहीं दी होगी।…उसने 10,000 ‘बच्चों’ को कश्मीर में भेजा, अपनी जमीन के लिए शहादत दी।..उसने एक रिक्शा नहीं चलाया, उसने एक पेड़ नहीं काटे। उसने किसी की दुकान का शटर नहीं तोड़ा।’
- पिछले महीने ही 6 जुलाई को एनआईए ने पहलगाम आतंकी हमले के सिलसिले में जो अतिरिक्त चार्जशीट दायर की है, उसमें हाफिज सईद का भी नाम शामिल है।
- दो दिन बाद ही जम्मू की विशेष एनआईए अदालत ने लश्कर सरगना के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।
नवभारत टाइम्स