डोप टेस्ट पॉजिटिव; पुलिस ने दर्ज किया मामला
बुढलाडा में पंजाब पुलिस के एक एएसआई को लोगों ने चिट्टा पीते पकड़ा, जिसके बाद उसका डोप टेस्ट पॉजिटिव आया और पुलिस ने मामला दर्ज किया।
31 अक्टूबर, 2026 – बुढलाडा (मानसा) : पंजाब पुलिस के ASI को शुक्रवार सुबह लोगों ने चिट्टा (हेरोइन) पीते पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान लोगों के साथ धक्कामुक्की हुई। भड़के लोगों ने ITI चौक पर धरना लगा दिया। मोहाली के रहने वाले ASI की डोप टेस्ट रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
होशियारपुर जिले के जहानखेला में प्रशिक्षण ले रहे ASI सहजप्रीत सिंह की ड्यूटी ITI चौक पर लगी थी। सुबह करीब 11 बजे वह चिट्टे का सेवन कर रहा था कि लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने धक्कामुक्की की।
पुलिस टीम ASI को आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता के शोरूम में लेकर गई तो वहां तनाव बढ़ गया और गुस्साए लोगों ने प्रदेश सरकार पर नशा तस्करी का आरोप लगाते हुए शोरूम के शीशे तोड़ दिए और ITI चौक जाम कर दिया।
तस्करों को संरक्षण दिया जा रहा है
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि धरने में कुछ शरारती तत्व थे जोकि आप नेता की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने शोरूम को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, धरने में शामिल वारिस पंजाब दे, कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तस्करों को संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने मामले की गहराई से जांच और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर उनके खिलाफ कार्रवाई हुई तो वे आंदोलन करेंगे। धरने की सूचना पर एसपी नरिंदर सिंह डीएसपी गुरप्रताप सिंह, सीआइए स्टाफ प्रभारी अजय परोचा और थाना सिटी प्रभारी जसप्रीत सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।
एसपी ने कहा कि ASI का सिविल अस्पताल में डोप टेस्ट कराया गया है और रिपोर्ट पाजिटिव आई। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। किसी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद लोगों ने धरना खत्म कर दिया।
दैनिक जागरण