विस्फोटक और हथियार बरामद
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सेना ने खुफिया आपरेशन चलाकर मस्जिदों के अंदर बने आतंकवादियों के दो ठिकानों का भंडाफोड़ किया है और भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद किए हैं।
10 नवंबर, 2026 – इस्लामाबाद : आतंकियों की शरणस्थली पाकिस्तान में आतंकवादियों के हौंसले बुलंद हैं। वे मस्जिदों में ठिकाने बनाने से भी गुरेज नहीं कर रहे। अपने हथियार और विस्फोटक छिपाने के लिए वह इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
सेना के मीडिया विंग ने सोमवार को बताया खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक खुफिया आपरेशन के दौरान मस्जिदों के अंदर बने आतंकवादियों के दो ठिकानों से भारी मात्रा में विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, यह आपरेशन रविवार को उत्तरी वजीरिस्तान की मीर अली तहसील के दक्षिणी बाहरी इलाके में स्थित मुजाक गांव में चलाया गया था। यह आपरेशन प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकवादियों के ठिकानों के खिलाफ चलाया गया था। पाकिस्तानी सरकार इस संगठन को फितना अल-खवारिज कहती है।
आपरेशन के दौरान, सुरक्षा बलों ने मस्जिदों के अंदर बने इन दो ठिकानों की तलाशी ली और बड़ी संख्या में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस, विस्फोटक बनाने का सामान, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। आतंकवादियों ने जानबूझकर मस्जिदों का इस्तेमाल विस्फोटक रखने के लिए किया था। बयान में कहा गया है कि इलाके में बचे-खुचे आतंकवादी ठिकानों को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने पूरे प्रांत में शांति बहाल करने के लिए अभियानों को और तेज करने का आह्वान किया, और स्थायी शांति लाने के सुरक्षा बलों के प्रयासों को अपना समर्थन दोहराया।
दैनिक जागरण