तारिक रहमान सरकार से क्यों मांगा पासपोर्ट?
शेख हसीना ने बांग्लादेश की सरकार से वतन वापसी के लिए पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने की मांग की है। हालांकि बांग्लादेश ने उनकी इस मांग को खारिज कर दिया है। हसीना ने कहा है कि वह इस साल दिसंबर तक बांग्लादेश वापस लौट सकती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि शेख हसीना पासपोर्ट का मुद्दा उठाकर क्या हासिल करना चाहती हैं।
12 नवंबर, 2026 – ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना स्वदेश लौटने के लिए तारिक रहमान सरकार से अपना पासपोर्ट और नेशनल आइडेंटिटी कार्ड मांग रही हैं। तारिक रहमान सरकार ने इसे राजनीतिक स्टंट बताते हुए शेख हसीना को पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने से इनकार किया है। बांग्लादेश के उप विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश नीति के सलाहकार हुमाहूं कोबिर ने शेख हसीना को भगोड़ी आतंकवादी बताया है। उन्होंने भारत से शेख हसीना को बांग्लादेश प्रत्यर्पित करने का भी अनुरोध दोहराया है। बांग्लादेश सरकार के आरोपों के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर शेख हसीना का गेम प्लान क्या है।
शेख हसीना को फांसी देगा बांग्लादेश?
बांग्लादेश की सरकार ने शेख हसीना पर 2024 के छात्र आंदोलन को कुचलने और अपने शासन के दौरान राजनीतिक हत्याएं कराने का आरोप लगाया है। बांग्लादेश की स्पेशल ट्रिब्यूनल ने शेख हसीना को मानवता के खिलाफ कथित अपराध के आरोप में एकतरफा सुनवाई के बाद मौत की सजा सुनाई थी। इस सजा में सरकार की ओर से हसीना के खिलाफ पैरवी करने वाले बांग्लादेशी प्रॉसिक्यूटर मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने दावा किया है कि अगर शेख हसीना बांग्लादेश वापस लौटती हैं तो उन्हें फांसी पर लटका दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हसीना के पास फैसले का सामना करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की रणनीति
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना जानती हैं कि बांग्लादेश में अब भी बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो हसीना को मौत की सजा देने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अगर शेख हसीना बांग्लादेश वापस लौटती हैं तो इससे देश की राजनीति गरमा सकती है। उनके समर्थक बांग्लादेश की सड़कों पर आ सकते हैं और प्रतिबंधित अवामी लीग फिर जिंदा हो सकती है। इसका सीधा असर तारिक रहमान सरकार पर पड़ेगा, जो किसी भी हाल में शेख हसीना को देश में खुला छोड़ने के हक में नहीं है। तारिक रहमान और उनकी पार्टी बीएनपी को यह पता है कि देश में अवामी लीग ही उनका मुकाबला कर सकती है। ऐसे में वह शेख हसीना को राजनीति में पैर पसारने का बिलकुल भी मौका नहीं देना चाहती है।
| 1. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश वापसी के लिए एक ब्रिटिश लॉ फर्म के जरिए भारत में बांग्लादेश के उच्चायोग को ई-मेल के जरिए अपना पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने की मांग की है। | |
| 2. बांग्लादेश की सरकार ने इसे राजनीतिक स्टंट बताते हुए शेख हसीना का पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने से इनकार किया है। उन्होंने हसीना को भगोड़ी आतंकवादी करार दिया है और उन्हें 150 से अधिक लोगों की मौत का दोषी बताया है। | |
| 3. शेख हसीना ने कहा था कि वह इस साल दिसंबर महीने तक बांग्लादेश वापस लौट सकती हैं। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने कहा है कि अगर वह वापस लौटती हैं को उन्हें अदालत के फैसले का सामना करना होगा, जिसमें फांसी की सजा भी शामिल है। |
समर्थकों को संदेश देना चाहती हैं शेख हसीना
अलजजीरा से बात करते हुए सेंटर फॉर गवर्नेंस स्टडीज के प्रेसिडेंट जिल्लुर रहमान ने कहा कि शेख हसीना बांग्लादेश इसलिए वापस आ रही हैं, क्योंकि वह अवामी लीग पर अपना कंट्रोल बनाकर खुद को राजनीतिक रूप से सक्रिय दिखाना चाहती हैं। हसीना अपने समर्थकों में यह संदेश भी देना चाहती हैं कि उनकी राजनीति अभी खत्म नहीं हुई है और अवामी लीग फिर अपने पैरों पर खड़ी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि हसीना किसी भी हालत में अवामी लीग की लीडरशिप किसी और के हाथ में नहीं सौंपना चाहती हैं।
शेख हसीना की बांग्लादेश की राजनीति में एक्टिव होने की तैयारी
ऐसा भी कहा जा रहा है कि शेख हसीना पासपोर्ट का दांव खेलकर बांग्लादेश की राजनीति में अपने आप को सक्रिय करने की कोशिश कर रही हैं। हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश की अवाम यह जाने की वह वापस लौट रही हैं। वह तारिक रहमान और उनके पूर्ववर्ती मोहम्मद यूनुस के शासनकाल में बने सरकार विरोधी माहौल को भी भुनाने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, एनलिस्ट यह शक जता रहे हैं कि शेख हसीना इस साल दिसंबर में बांग्लादेश वापस लौटेंगी।
नवभारत टाइम्स