भारत में घुसपैठ के इतंजार में 500 आतंकी; ISI ने बदली रणनीति
दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने से पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों को बड़ा झटका लगा है।
20 नवंबर, 2026 – नई दिल्ली : दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने से पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों को बड़ा झटका लगा है। खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि इसके जवाब में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिशें तेज कर सकती है। खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, पाक अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (PoK) में 500 से अधिक आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल होने के इंतजार में हैं।
भारत में घुसपैठ की रणनीति बना रहा है ISI
इनमें लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी शामिल हैं। ISI अब अलग-अलग रास्तों से एक साथ बड़ी संख्या में आतंकियों की घुसपैठ कराने की रणनीति पर काम कर रही है, ताकि सुरक्षा बलों पर दबाव बढ़ाया जा सके। खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि घुसपैठ के बाद आतंकियों को जंगलों में छिपकर निर्देश मिलने का इंतजार करने को कहा जा सकता है। इसके साथ ही पाकिस्तान युवाओं और स्कूली बच्चों को अपने ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर रहा है, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बचा जा सके।
लतीफ भट के मारे जाने के बाद लश्कर घाटी में दुष्प्रचार और फर्जी खबरों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी कर सकता है। सुरक्षा एजेंसियां अब सीमा पर घुसपैठ के साथ-साथ आतंकियों के स्थानीय नेटवर्क और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं।
पांचजन्य