अमृतसर में नशे में धुत एक पुलिस हवलदार ने अपनी कार से स्कूल से लौट रही 12 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
20 नवंबर, 2026 – अमृतसर : सुल्तानविंड रोड पर नशे में धुत एक पुलिस हवलदार की कार ने स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। हादसे के बाद बच्ची कार के नीचे फंस गई। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपित की पहचान हवलदार अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली है।
प्रत्यक्षदर्शियों और अंबेडकर समाज दल के यूथ प्रेसिडेंट राहुल सोरी के अनुसार, हादसे के समय हवलदार नशे की हालत में था। वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और उसे उल्टियां हो रही थीं।
शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर बरामद
लोगों ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर बरामद हुए। राहुल सोरी ने कहा कि आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करवाने वाली पुलिस के कर्मचारी का इस तरह नशे में वाहन चलाना गंभीर मामला है।
अंबेडकर समाज दल के पंजाब चेयरमैन विक्की के अनुसार, बच्ची को टक्कर मारने के बाद हवलदार ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने कार को घेर लिया और उसे भागने नहीं दिया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लोगों ने मांग की कि मामले में किसी तरह की ढील न बरती जाए और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अनाथ बच्ची के उपचार का खर्च उठाने की मांग
घायल बच्ची की देखभाल करने वाली उसकी बुआ प्रीति ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और दादा-दादी का पहले ही निधन हो चुका है। वह उसे मां की तरह पाल रही हैं।
परिवार किराये के मकान में रहता है और परिवार के सदस्य दिव्यांग हैं। ऐसे में बच्ची के उपचार का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची का उपचार निशुल्क करवाने और हवलदार को तत्काल निलंबित करने की मांग की। अंबेडकर समाज दल ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए साथ खड़े रहने की बात कही है।
मेडिकल जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानविंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हवलदार को हिरासत में लेकर उसकी कार कब्जे में ले ली। पुलिस के अनुसार घायल बच्ची का मेडिकल करवाया जा रहा है। आरोपित हवलदार का भी मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है।
दैनिक जागरण