• Skip to main content
  • Skip to secondary menu
  • Skip to primary sidebar
  • Skip to footer
  • Home
  • About Us
  • Authors
  • Contact Us

The Punjab Pulse

Centre for Socio-Cultural Studies

  • Areas of Study
    • Maharaja Ranjit Singh
    • Social & Cultural Studies
    • Religious Studies
    • Governance & Politics
    • National Perspectives
    • International Perspectives
    • Communism
  • Activities
    • Conferences & Seminars
    • Discussions
  • News
  • Resources
    • Books & Publications
    • Book Reviews
  • Icons of Punjab
  • Videos
  • Academics
  • Agriculture
  • General

श्री गुरु नानकदेव जी : सत्य, सेवा और समरसता के प्रतीक

November 24, 2026 By Guest Author

Share

श्री गुरु नानकदेव जी ने अपने विचारों को फैलाने के लिए लंबी यात्राएं कीं। उन्होंने सत्य, सेवा, समानता और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनकी वाणी आज भी प्रेम, सद्भाव और समरसता की प्रेरणा देती है।

जानिए गुरु नानक देव के 10 अनमोल उपदेश, जिन्हें अपनाने से बदल जाता है जीवन - Guru  Nanak Dev Jayanti 2017 Know Guru Nanak Dev 10 Priceless Teachings - Amar  Ujala Hindi News Live

श्री गुरु नानकदेव जी का जन्म कार्तिक पूर्णिमा, संवत् 1526 अर्थात् नवंबर 1462 में लाहौर से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम स्थित तलवंडी गांव में हुआ था। आज यह स्थान ननकाना साहिब के नाम से प्रसिद्ध है। हालांकि, चार जन्म साखियों-विलायतवाली, मेहरबानवाली, भाई मनी सिंह वाली और खालसा समाचार में उनकी जन्मतिथि 15 अप्रैल, 1469 बताई गई है। फिर भी, सर्वाधिक स्वीकृत तिथि नवंबर 1462 मानी जाती है।

श्री गुरु नानकदेव जी के पिता मेहता कालू चंद गांव में पटवारी थे। गुरु नानकदेव जी ने एक ब्राह्मण से हिसाब-किताब और बही-खाते का काम सीखा तथा एक मौलवी से फारसी और अरबी भाषा का अध्ययन किया। उन्हें अपने पिता की नौकरी या पारिवारिक व्यवसाय में विशेष रुचि नहीं थी। विवाह के बाद उनकी बहन नानकी उन्हें अपने साथ कपूरथला के निकट सुल्तानपुर ले गईं। वहां श्री गुरु नानकदेव जी दौलतखान लोदी के सरकारी मोदीखाने में भंडारी के रूप में कार्य करने लगे। उन्होंने यह कार्य पूरी ईमानदारी से किया, लेकिन उनका मन मानवता की सेवा मे अधिक रमता था।

देश-दुनिया की परिस्थितियां

श्री गुरु नानकदेव जी का जीवनकाल विश्व इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं का साक्षी रहा। 1485 में इंग्लैंड में ट्यूडर राजवंश की स्थापना हुई। यूरोप में पुनर्जागरण, समुद्री अभियानों और धार्मिक सुधारों के माध्यम से आधुनिक युग की शुरुआत हो रही थी। 1492 में क्रिस्टोफर कोलंबस ने अमेरिका की खोज की और वास्को डी गामा ने भारत के लिए समुद्री मार्ग की खोज का नेतृत्व किया। जर्मनी में मार्टिन लूथर ने 1517 में पांथिक सुधार आंदोलन की शुरुआत की, जिससे ईसाई मत में प्रोटेस्टेंट विचारधारा का उदय हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए। इंग्लैंड में कोलेट ने 1510 में सेंट पॉल्स ग्रामर स्कूल की स्थापना की।

1516 में ऑक्सफोर्ड में कॉर्पस क्रिस्टी कॉलेज की स्थापना हुई, जहां यूनानी भाषा पढ़ाने के लिए यूनान से शिक्षक बुलाए गए। भारत में भी इस कालखंड में भक्ति आंदोलन अपने उत्कर्ष पर था। श्री गुरु नानकदेव जी के समकालीन प्रमुख संतों में वल्लभाचार्य (1449), चैतन्य महाप्रभु (1486), मीराबाई (1498) और गोस्वामी तुलसीदास (1532) शामिल थे। वल्लभाचार्य के अनुयायी गुजरात और राजस्थान में थे, चैतन्य महाप्रभु का प्रभाव बंगाल में था तथा मीराबाई के भगवान श्रीकृष्ण के भजन आज भी लोकप्रिय हैं। गोस्वामी तुलसीदास की रचना ‘रामचरितमानस’ संसार के सर्वाधिक पठित महाकाव्यों में से एक है।

राजनीतिक व्यवस्था

श्री गुरु नानकदेव जी के जीवनकाल में दिल्ली सल्तनत में महत्वपूर्ण राजनीतिक परिवर्तन हुए। उनके जन्म के समय उत्तर भारत में बहलोल लोदी (1451-1489) का शासन था। जब वे लगभग 20 वर्ष के थे, तब सिकंदर लोदी (1489-1517) दिल्ली का शासक बना। इसके बाद इब्राहीम लोदी (1517-1526) इस वंश का अंतिम शासक रहा। 1526 में बाबर ने भारत में मुगल साम्राज्य की नींव रखी। गुरु नानकदेव जी के जीवनकाल में ही हुमायूं मुगल वंश का दूसरा शासक बना।

नानकदेव जी की वाणी

श्री गुरु नानकदेव जी ने अपने समय की सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक परिस्थितियों को अपनी वाणी में अभिव्यक्त किया। उन्होंने तत्कालीन युग के अन्याय, अत्याचार, अराजकता और जनसामान्य की पीड़ा को गहराई से अनुभव किया। उनकी वाणी में तत्कालीन व्यवस्था के प्रति करुणा, क्षोभ और आक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

बाबर के आक्रमण

मुगल आक्रमणकारियों द्वारा आम जनता पर किए गए अत्याचारों को श्री गुरु नानकदेव जी ने स्वयं देखा था। जब बाबर हिंदुस्थान पर आक्रमण की तैयारी कर रहा था, उस समय गुरु नानकदेव जी अफगानिस्तान में थे और मुस्लिम देशों की यात्राओं से लौट रहे थे। बाबर के आक्रमण और खुरासान तथा हिंदुस्थान की परिस्थितियों का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि हे परमेश्वर! तूने खुरासान की रक्षा की, लेकिन हिंदुस्थान में भय व्याप्त हो गया। मुगल बाबर के रूप में मानो मृत्यु को इस धरती पर भेज दिया गया। इतनी भयानक मारकाट, निर्दोष लोगों की चीख-पुकार तथा स्त्रियों और बच्चों का विलाप देखकर भी क्या तेरे हृदय में दया नहीं जागी?

कन्वर्जन और सामाजिक असमानता

उस समय समाज में धर्म के वास्तविक स्वरूप को भुलाकर बाहरी आडंबरों और कर्मकांडों को अधिक महत्व दिया जाने लगा था। अनेक लोग भयवश या शासकों को प्रसन्न करने के लिए कुरान आदि पढ़ने लगे थे। दूसरी ओर, मुसलमानों में भी मजहबी आचरण और मूल सिद्धांतों से भटकाव दिखाई दे रहा था। श्री गुरु नानकदेव जी ने ‘आसा दी वार’ में तत्कालीन धार्मिक और सामाजिक परिस्थितियों की आलोचना की। उन्होंने समाज में व्याप्त मानसिक दुर्बलता, सांस्कृतिक दासता और असमानता पर प्रश्न उठाए। भाई गुरुदास जी ने भी अपनी वारों में तत्कालीन धार्मिक परिस्थितियों का वर्णन किया है। उनके अनुसार, मुसलमानों में भी अनेक प्रकार के वेश और संप्रदाय प्रचलित हो गए थे। कोई पीर कहलाता था, कोई पैगंबर और कोई औलिया। ठाकुरद्वारों को गिराकर उनके स्थान पर मस्जिदें बनाई गईं। गौ और गरीबों की हत्या के कारण पृथ्वी पर पाप का विस्तार हो गया था।

लेखकों और व्यक्तित्वों की दृष्टि में

बलदेव वंशी ने अपनी पुस्तक ‘भारत के महान संत’ में लिखा है कि सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानकदेव जी का काल (1469-1539) उथल-पुथल, अव्यवस्था, उत्पीड़न, असमानता और अन्याय से भरा हुआ था। मुगल बादशाह बाबर के शासन की स्थापना भी इसी समय हुई, जिसका कटु अनुभव गुरु नानकदेव जी ने स्वयं किया। उनके अनुसार, राजनीतिक अराजकता और सामाजिक विपत्तियों से त्रस्त जनता के बीच रामानंद और कबीर उत्तर भारत में तथा ज्ञानदेव, नामदेव और एकनाथ महाराष्ट्र में अपनी आध्यात्मिक वाणी से आत्मा और परमात्मा के प्रति विश्वास की भूमि तैयार कर चुके थे। ऐसे समय में गुरु नानकदेव जी ने भारत के साथ-साथ मदीना, बगदाद, तुर्किस्तान, काबुल और तिब्बत तक भ्रमण कर निर्गुणपंथी, मानवतावादी, समतामूलक और निर्भय एकेश्वरवादी विचारों का प्रचार किया।

महात्मा गांधी के अनुसार, इस्लाम के आक्रमणों और तलवार के बल पर कन्वर्जन की परिस्थितियों के बीच पंजाब ने सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक को जन्म दिया। उन्होंने कबीर के सिद्धांतों को अपनाते हुए उनमें लड़ाकू हिंदू तत्व का समावेश किया। उन्होंने मुस्लिम भावनाओं का आदर करते हुए समझौते का प्रयास किया और आवश्यकता पड़ने पर हिंदू धर्म की रक्षा के लिए भी तत्परता दिखाई। गांधी ने सिख पंथ को इस्लाम के आक्रमणों की ऐतिहासिक परिस्थितियों से जुड़ा हुआ बताया।

तीर्थस्थलों और पवित्र स्थानों की यात्राएं

श्री गुरु नानकदेव जी ने अपनी उदासियों के दौरान भारत के अनेक प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। पूर्वी भारत की यात्रा में वे जगन्नाथ पुरी पहुंचे। ऐसा माना जाता है कि उनके नियमित साथियों के अतिरिक्त बंगाल के महान वैष्णव संत श्री चैतन्य महाप्रभु भी इस यात्रा में उनके साथ थे। कटक में महानदी के तट पर उन्होंने विश्राम किया और प्राचीन धवियेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए। इस स्थान पर आज गुरुद्वारा गुरु नानक दातन साहिब अथवा गुरुद्वारा कालियाबोड़ा स्थित है। दक्षिण भारत की यात्रा में वे बीदर से गोलकुंडा, विजयवाड़ा, गुंटूर और महबूबनगर होते हुए कर्नाटक पहुंचे। रायचूर और बेल्लारी जिलों से होते हुए उन्होंने हम्पी का भ्रमण किया, जो उस समय विजयनगर साम्राज्य की राजधानी थी।

वहां के प्राचीन मंदिरों के दर्शन के साथ उन्होंने आनगुंडी गांव (प्राचीन किष्किंधा) की यात्रा भी की। तुंगभद्रा नदी के तट पर स्थित इस क्षेत्र में बाली का दरबार, लक्ष्मी नरसिंह मंदिर और चिंतामणि गुफा मंदिर प्रसिद्ध हैं। यहां भगवान श्रीराम द्वारा बाली के वध और गुफा में विश्राम करने की मान्यता प्रचलित है। इसके पीछे हनुमान की पहाड़ी स्थित है। इसके बाद गुरु नानकदेव जी ने आंध्र प्रदेश के अनंतपुर, कडप्पा और चित्तूर जिलों का भ्रमण किया। वहां से वे कर्नाटक के बैंगलोर, मांड्या और मैसूर पहुंचे। मांड्या जिले के मद्दूर और श्रीरंगपट्टनम् की यात्रा के दौरान उन्होंने रामगिरि पर्वत स्थित कोदंडरामस्वामी मंदिर के दर्शन किए।

इस मंदिर में श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियां प्रतिष्ठित हैं। किंवदंती के अनुसार, इस पहाड़ी पर सुग्रीव का निवास था। श्रीरंगपट्टनम् में प्राचीन श्रीरंगनाथ मंदिर था। कावेरी नदी के बीच स्थित तीन द्वीपों पर श्रीरंगनाथ के तीन प्रसिद्ध मंदिर हैं। रामेश्वरम् में गुरु नानकदेव जी ने उस पूजनीय शिव मंदिर के दर्शन किए, जिसे परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित माना जाता है। यह मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है और भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों में इसका विशेष स्थान है।

महाराष्ट्र की भूमि पर उन्होंने दो बार यात्रा की। पहली बार दक्षिण भारत जाते समय और दूसरी बार लौटते समय। अपनी यात्रा में वे मध्य प्रदेश के बालाघाट से होते हुए नागपुर के उत्तर में स्थित रामटेक पहुंचे। यहां रामगिरि पर्वत पर श्रीराम मंदिर स्थित है। कहा जाता है कि गुरु नानकदेव जी यहां चार महीने तक रुके थे। इसी क्षेत्र में गणपत्य संप्रदाय के प्रसिद्ध आचार्य जोगन प्रकाश रहते थे। वे गुरु नानकदेव जी के व्यक्तित्व और उपदेशों से प्रभावित होकर अपने अनुयायियों सहित उनके शिष्य बन गए। रामटेक में उनकी यात्रा की स्मृति में एक गुरुद्वारा भी स्थापित है।

गिरनार से दक्षिण की ओर बढ़ते हुए गुरु नानकदेव जी प्रभास क्षेत्र पहुंचे, जिसमें वेरावल और सोमनाथ के प्राचीन बंदरगाह शामिल हैं। यहां भालका तीर्थ भगवान श्रीकृष्ण के महाप्रयाण की स्मृति से जुड़ा है। इसी क्षेत्र में हिरण, कपिला और सरस्वती नदियों का त्रिवेणी संगम है। सोमनाथ अपने ऐतिहासिक ज्योतिर्लिंग मंदिर के लिए प्रसिद्ध है, जिसे महमूद गजनवी ने 1024 ईस्वी में ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद उन्होंने द्वारका और बेट द्वारका की यात्रा की।

द्वारका भगवान श्रीकृष्ण की नगरी और सप्तपुरियों में से एक मानी जाती है। यहां द्वारकानाथ मंदिर स्थित है। बेट द्वारका में भगवान विष्णु से संबंधित मंदिर है, जो परंपरा के अनुसार श्रीकृष्ण की पत्नी सत्यभामा को समर्पित है। बेट द्वारका में गुरु नानकदेव जी की यात्रा की स्मृति में एक धर्मशाला स्थापित है। आशापुरी देवी के मंदिर के दर्शन के बाद वे लखपत पहुंचे, जो कोरी क्रीक के समुद्र तट पर स्थित एक प्राचीन बंदरगाह है। वहां से उन्होंने सिंध प्रदेश में प्रवेश किया।

उत्तर भारत की यात्राओं में उन्होंने कांगड़ा स्थित महामाया मंदिर के दर्शन किए, जिसे 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। वहां से धर्मशाला होते हुए वे चंबा पहुंचे, जो प्राचीन लक्ष्मीनारायण मंदिर के लिए प्रसिद्ध था। चंबा से लौटकर उन्होंने कांगड़ा के निकट ज्वालामुखी देवी के प्राचीन मंदिर के दर्शन किए। श्रीनगर में उन्होंने शंकराचार्य मंदिर के दर्शन किए, जो शंकराचार्य पहाड़ी पर स्थित भगवान शिव का मंदिर है। वहां रघुनाथ मंदिर भी प्रसिद्ध था। इसके विशाल प्रांगण में संस्कृत की पाठशालाएं थीं, जहां वेद-वेदांगों का अध्ययन और अध्यापन होता था। यह संभावना व्यक्त की जाती है कि गुरु नानकदेव जी ने इस मंदिर का भी भ्रमण किया और वहां के शैव संन्यासियों तथा विद्वानों से आध्यात्मिक संवाद किया।

उनकी यात्राएं भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्रों तक भी पहुंचीं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के क्षेत्रों का भ्रमण किया। वहां साधु-संन्यासियों को लामा कहा जाता है और गुरु नानकदेव जी को नानक लामा के नाम से जाना जाता है। स्थानीय परंपराओं के अनुसार, उन्होंने वहां के निवासियों से संवाद कर सत्य, समानता और ईश्वर-भक्ति का संदेश दिया। सिक्किम में उनकी स्मृति में एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा भी निर्मित है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के अनेक बौद्ध मठों में भी उनकी स्मृति और पूजा से संबंधित परंपराएं प्रचलित हैं।

करतारपुर में देहावसान

श्री गुरु नानकदेव जी का देहावसान 22 सितंबर, 1539 को वर्तमान पाकिस्तान में स्थित करतारपुर में हुआ। इससे पूर्व उन्होंने अपने प्रमुख शिष्य भाई लहणा जी को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया। गुरु नानकदेव जी ने भाई लहणा जी के सामने एक नारियल और पांच पैसे रखे। इसके बाद उन्होंने स्वयं अपना सिर उनके चरणों से स्पर्श कराया और उन्हें ‘गुरु अंगद’ नाम से संबोधित किया। इस प्रकार श्री गुरु नानकदेव जी ने गुरु परंपरा अर्थात् गुरुपद की स्थापना की, जो आगे चलकर सिख पंथ की आधारशिला बनी।

पांचजन्य


Share

Filed Under: Icons of Punjab, Punjab History, Religious Studies, Stories & Articles

Primary Sidebar

Mahraja Ranjit Singh Portal

Maharaja Ranjit Singh is an icon of Punjab and Punjabis. He is also called Sher-e-Punjab (Lion of Punjab) in view of the respect that is due to him for his bravery and visionary leadership which led to the creation of the Sikh Empire (Sarkaar-e-Khalsa). The Punjab Pulse has dedicated a portal to the study of the Maharaja with the view to understand his life and identify his strengths for emulation in our culture and traditions. The study will emcompass his life, his reign, his associates, his family and all other aspects pertaining to the Sikh Empire.

Go to the Portal

More to See

Sri Guru Granth Sahib

August 24, 2025 By Jaibans Singh

श्री गुरु नानक साहिब जी के आगमन की कहानी

November 24, 2026 By Guest Author

देव दीपावली क्यों मनाई जाती है

November 24, 2026 By Guest Author

Tags

AAP Amritsar Bangladesh BJP CAA Captain Amarinder Singh Capt Amarinder Singh China Congress COVID CPEC Farm Bills FATF General Qamar Bajwa Guru Angad Dev JI Guru Gobind Singh Guru Granth Sahib Guru Nanak Dev Ji Harmandir Sahib Imran Khan Indian Army ISI Kartarpur Corridor Kartarpur Sahib Kashmir LAC LeT LOC Maharaja Ranjit Singh Narendra Modi operation sindoor Pakistan PLA POJK President Xi Jinping Prime Minister Narednra Modi PRime Minister Narendra Modi Punjab QUAD RSS SAD SFJ SGPC Sikh Sukhbir Badal

Featured Video

More Posts from this Category

Footer

Text Widget

This is an example of a text widget which can be used to describe a particular service. You can also use other widgets in this location.

Examples of widgets that can be placed here in the footer are a calendar, latest tweets, recent comments, recent posts, search form, tag cloud or more.

Sample Link.

Recent

  • श्री गुरु नानकदेव जी : सत्य, सेवा और समरसता के प्रतीक
  • श्री गुरु नानक साहिब जी के आगमन की कहानी
  • देव दीपावली क्यों मनाई जाती है
  • HAPPY GURPURAB ; ਪ੍ਰਕਾਸ਼ ਪੁਰਬ : ਸ੍ਰੀ ਗੁਰੂ ਨਾਨਕ ਦੇਵ ਜੀ
  • Fazilka Shooter Zorawar Bedi Wins Gold At National Championship

Search

Tags

AAP Amritsar Bangladesh BJP CAA Captain Amarinder Singh Capt Amarinder Singh China Congress COVID CPEC Farm Bills FATF General Qamar Bajwa Guru Angad Dev JI Guru Gobind Singh Guru Granth Sahib Guru Nanak Dev Ji Harmandir Sahib Imran Khan Indian Army ISI Kartarpur Corridor Kartarpur Sahib Kashmir LAC LeT LOC Maharaja Ranjit Singh Narendra Modi operation sindoor Pakistan PLA POJK President Xi Jinping Prime Minister Narednra Modi PRime Minister Narendra Modi Punjab QUAD RSS SAD SFJ SGPC Sikh Sukhbir Badal

Copyright © 2026 · The Punjab Pulse

Developed by Web Apps Interactive