असीम मुनीर बंटवारे पर क्यों अड़े?
Pakistan Province: पाकिस्तान के आर्मी चीफ देश के तीन प्रांतों को 12 से 15 हिसों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं। इसके तहत देश के चारों प्रांतों को कई हिस्सों में तोड़ने की योजना है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इससे वंशवादी पार्टियां का अस्तित्व खत्म हो जाएगा और सेना के हाथ में देश का कंट्रोल आ जाएगा।
27 नवंबर 2026 – इस्लामाबाद: पाकिस्तान के फील्ड मार्शल देश को 12 अलग अलग प्रांतों में बांटना चाहते हैं। पाकिस्तान में अभी चार प्रांत हैं और हर एक प्रांत को तीन-तीन हिस्सों में बांटा जाएगा। असीम मुनीर अपने इरादे से अडिग हैं और इसका देश में भारी विरोध भी शुरू हो चुका है। सिंध प्रांत ने बकायदा विधानसभा में बंटवारे की किसी भी कोशिश के खिलाफ प्रस्ताव पास कराया है।
बिलावल भुट्टो, उनके पिता राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और उनकी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) असीम मुनीर के इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध कर रही है। लेकिन शहबाज शरीफ सामने नहीं आ रहे हैं। शहबाज डिप्लोमेटिक तरीके से असीम मुनीर को रोकना चाहते हैं और फिलहाल उन्हें मक्खन लगा रहे हैं।
असीम मुनीर का पाकिस्तान विभाजन का प्लान क्या है?
पाकिस्तान के चार प्रांतों को 12 से 15 प्रांतों में विभाजित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
पंजाब- 4 प्रांत
खैबर पख्तूनख्वा- 3 प्रांत
बलूचिस्तान- 3 प्रांत
सिंध- 2 प्रांत
कुछ रिपोर्ट्स में सिंध के भी चार हिस्से करने की बात कही गई है। अभी आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं हुई है। लेकिन पाकिस्तानी मीडिया में चर्चा है कि फील्ड मार्शल असीम मुनीर का मकसद असल में पूरे पाकिस्तान को दर्जन भर से ज्यादा प्रांतों में बदलने की है। ये एक तरह से पाकिस्तान को दर्जन भर नगर निगम में बदलने जैसा होगा। मुख्यमंत्री किसी मेयर की तरह होगा और उसके पास शक्ति नहीं के बराबर होगी।
इस ढांचे के तहत असीम मुनीर का जो प्रस्ताव है उसके मुताबिक सेना इस पूरी व्यवस्था की देखरेख करेगी। यानि बहुत आसान शब्दों में समझें तो सेना का पूरे पाकिस्तान पर कब्जा हो जाएगा और नेताओं की हैसियत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
पाकिस्तानी मूल के पत्रकार मोइद पीरजादा ने दिप्रिंट में लिखा है कि असीम मुनीर चाहते हैं कि आसिफ अली जरदारी और शरीफ परिवार यानि वंशवादी राजनीति को खत्म किया जाए। ऐसा करके सेना और सशक्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा करके असीम मुनीर वर्दी पहनकर जनरल परवेज मुशर्रफ या जिया उल हक की तरह राष्ट्रपति बनना चाहते हैं।
मोइद पीरजादा लिखते हैं कि जरदारी और शरीफ दोनों अलग अलग तरीके से विरोध कर रहे हैं। जरदारी और बिलावल खुलकर सामने खड़े हैं जबकि शहबाज शरीफ टाइमपास करने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकिस्तान को अगर बांटने की कोशिश हुई तो क्या हो सकता है?
पाकिस्तान के एक्सपर्ट्स का कहना है कि असीम मुनीर जो करना चाह रहे हैं उसके खतरनाक नतीजे हो सकते हैं। सिंध और खैबर पख्तूनख्वा में हिंसा, अफरा-तफरी और अव्यवस्था मच सकती है। मोइद पीरजादा भी ऐसी ही किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने लिखा है ‘पाकिस्तान ऐसी स्थिति में नहीं है कि प्रशासनिक पुनर्गठन सके। पूरे देश में पहले से ही राजनीतिक और सामाजिक तनाव फैला है और राजनीतिक अविश्वास भी फैला हुआ है।’
मोइद पीरजादा का कहना है कि सेना देश को बांटने के लिए अडिग है लेकिन ये जोखिम भरा कदम होगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में संघर्ष छिड़ा हुआ है और अगर सिंध में भी ऐसा होता है तो पाकिस्तान को संभालना मुश्किल हो जाएगा।
असीम मुनीर के करीबी और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी और उनके करीबी नेताओं का तर्क है कि इससे आतंकवाद पर लगाम लगेगा और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी। वो प्रांतों की आबादी का हवाला देते हैं। जैसे पंजाब प्रांत की आबादी करीब 12.9 करोड़ है जबकि बलूचिस्तान के पास विशाल क्षेत्रफल है लेकिन आबादी कम है।
लेकिन विरोधियों का कहना है कि ऐसा करने से पंजाब में शरीफ परिवार, सिंध में भुट्टो-जरदारी परिवार और खैबर पख्तूनख्वा में इमरान खान की पार्टी PTI का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। इन पार्टियों के पास जो वोटबैंक है उसपर से इनका एकाधिकार टूट जाएगा।
नवभारत टाइम्स