रोटी के लिए उतरा जोश
Pakistan Army US Truck Driver: पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल उमैर बंगश का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है जिसमें वो अमेरिका में ट्रक चलाते नजर आ रहे हैं। जब वो सेना में शामिल थे उस वक्त हिंदुस्तान पर फतह करने और ‘गजवा-ए-हिंद’ का नारा दिया करते थे।
27 नवंबर, 2026 – वॉशिंगटन/इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल उमैर बंगश अब अमेरिका में ट्रक चला रहे हैं। ये वही अधिकारी हैं जो एक वक्त अपनी देश की अवाम को ‘गजवा-ए-हिंद’ का चूरन चटाते थे। जोशीले भाषण देते थे और वीडियो बनाकर कहते थे कि पाकिस्तानी सेना का मकसद पूरी दुनिया को फतह करना है। लेकिन अब इस पूर्व अधिकारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जिसमें वो अमेरिका में ट्रक चला रहे हैं।
पूर्व अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल उमैर बंगश का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें वो अमेरिका में एक ट्रक चलाते हुए वीडियो बना रहे हैं। उस वीडियो में वो कह रहे हैं कि ‘इंटरस्टेट हाईवे से ईस्ट से वेस्ट की तरफ हम जा रहे हैं। अभी हम लुइसियाना स्टेट में हैं। बारिश हो रही है। बहुत प्यारा मौसम है। अब अत्चाफलाया आने वाला है ये 29 किलोमीटर लंबा है।’ मतलब ये अपने ट्रक चलाने की पूरी कहानी सुना रहे हैं।
उतर गया गजवा-ए-हिंद का भूत
इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब उमैर बंगश का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर आ गया है जब वो सैन्य वर्दी में थे। उस वक्त वो जोशीले भाषण दिया करते थे। उनका ख्वाब ‘गजवा-ए-हिंद’ था। वो अपने एक पुराने वीडियो में कह रहे हैं ‘अब वो लम्हा आ पहुंचा है जब परेड ग्राउंड अल्लाह-ओ-अकबर के नारों से गूंज उठेगा।’ हालांकि ट्रक चलाना या कोई भी काम करना गलत नहीं है और हर काम को सम्मान के नजरिए से देखा जाना चाहिए लेकिन यहां बात फर्जी के नारों और पद पर रहते हुए देश की जनता को बरगलाने से है।
उनका एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वो ‘गजवा-ए-हिंद’ की बात कर रहे हैं। वो कह रहे हैं ‘बहुत जल्द तुम एक लश्कर देखोगे पूरब से आता हुआ जो भारत के शासकों को बदल देंगे। जो जाएंगे और हिंदुस्तान के बादशाहों को जंजीर में जकड़ कर लाएंगे। और फिर मुड़ जाएंगे दमिस्क की तरफ।’ इस वीडियो में वो पाकिस्तान के युवाओं से उस लश्कर में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं।
गजवा-ए-हिंद से ट्रक ड्राइवरी तक का सफर
यही पाकिस्तानी सेना का असली चेहरा है। दशकों से ये अपनी अवाम में भारत के खिलाफ जहर भर रहे होते हैं और बड़े अधिकारी रिटायर्ड होकर विदेशों में बस जाते हैं। जो छोटे अधिकारी होते हैं वो ऐसे ही ट्रक चलाकर पेट भर रहे होते हैं। पाकिस्तानी मूल के पत्रकार मोइद पीरजादा ने पाकिस्तानी सेना के इसी मांइडसेट के बारे में अपने एक वीडियो में बात की है।
उन्होंने कहा है ‘अमेरिका में ट्रक चलाना कोई बुरा काम नहीं है। ट्रक ड्राइवर को सम्मान की नजर से देखा जाता है। हर घंटे के 25 डॉलर भी उन्हें मिलते हैं और अमेरिका जाने वाले लोग पहले ट्रक चलाते हैं और पैसे जमाकर फिर कोई दूसरा काम करते हैं। लेकिन दिक्कत ऐसे अधिकारियों के माइंडसेट को लेकर है।’ उन्होंने कहा ‘पाकिस्तान के ये फौजी अधिकारी जब देश में होते हैं ये रियासती ढांचे के लिए लोगों पर गोली भी चलाने से बाज नहीं आते हैं जिसमें उनका खुद विश्वास नहीं होता है। ये लोगों को बेवकूफ बनाते हैं, फौज की तारीफ करते हैं लेकिन जैसे ही मौका मिलता है यहां से अपने परिवार के साथ अमेरिका निकल जाते हैं।’
नवभारत टाइम्स