एक तरफ खुशहाल पंजाब रैली तो दूसरी तरफ सरकार ने कॉलेजों से फंड वापिस मांगे
पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी पॉलिटेक्निक (बहु-तकनीकी) कॉलेजों के करीब 36 करोड़ रुपये के फंड पर नज़र रखी है। इन 26 सरकारी कॉलेजों को ‘विकास फंड’ और ‘स्टूडेंट फंड’ के तहत इकट्ठी हुई राशि सरकारी खजाने में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
27 नवंबर, 2026 – चंडीगढ़ : पंजाब में विधानसभा चुनाव के चलते सत्ताधारी आम आदमी पार्टी एक तरफ आज मोगा में खुशहाल पंजाब रैली कर रही है तो दूसरी तरफ सरकारी कॉलेजों से फंड वापिस मांगे जा रहे हैं। पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी पॉलिटेक्निक (बहु-तकनीकी) कॉलेजों के करीब 36 करोड़ रुपये के फंड पर नज़र रखी है। इन 26 सरकारी कॉलेजों को ‘विकास फंड’ और ‘स्टूडेंट फंड’ के तहत इकट्ठी हुई राशि सरकारी खजाने में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी कॉलेज आमतौर पर यह फंड छात्र कल्याण पर खर्च करते हैं। इन कॉलेजों के शिक्षकों के संगठन ने पंजाब सरकार से यह फैसला वापस लेने की मांग की है।
विद्यार्थी फीस में देते हैं ये राशि
पंजाब में कुल 26 सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज हैं, जिनमें 8,812 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इन कॉलेजों में ‘विकास फंड’ और ‘स्टूडेंट फंड’ के रूप में क्रमशः प्रति विद्यार्थी 3,650 रुपये और 2,500 रुपये सालाना लिए जाते हैं। तकनीकी शिक्षा विभाग ने 20 नवंबर को वित्त विभाग के 28 सितंबर 2026 के पत्र का हवाला देते हुए कॉलेजों को यह फंड खजाने में जमा कराने के आदेश दिए हैं। कॉलेजों को एफडी (FD – यदि कोई हो) की राशि भी खजाने में जमा करवाने के लिए कहा गया है।
इस तरह खर्चा जाता है फंड
पंजाब के इन सरकारी कॉलेजों के पास ‘विकास फंड’ के 25.95 करोड़ रुपये और करीब 10 करोड़ रुपये की राशि ‘स्टूडेंट फंड’ की पड़ी है। इस राशि में से 45 प्रतिशत पैसा लैब्स और वर्कशॉप के अपग्रेडेशन के लिए इस्तेमाल किया जाता है और 15 प्रतिशत राशि फैकल्टी इम्प्रूवमेंट एंड एजुकेशन टूर के लिए खर्च की जाती है। सरकारी आदेशों से विद्यार्थियों में काफी रोष है क्योंकि यह पैसा उनकी भलाई पर खर्च होता है।
संगठनों ने किया विरोध
पॉलिटेक्निक कॉलेज गजटेड टीचर्स एसोसिएशन के प्रधान जसवीर सिंह गिल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा विभाग के निदेशक को सौंपे गए पत्र में विद्यार्थियों और संस्थानों के भविष्य को देखते हुए इन फंडों को खजाने में जमा करवाने से छूट मांगी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया, तो वे विद्यार्थियों और संस्थानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। एसोसिएशन के नेताओं का कहना है कि ये फंड विभागीय आय का हिस्सा नहीं हैं और यह राशि दाखिले के समय विद्यार्थियों की भलाई, खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं, स्पोर्ट्स मीट, सेमिनार परीक्षाओं और संस्थानों के आंतरिक विकास कार्यों के लिए वसूल की जाती है। एफडी को समय से पहले तुड़वाने से वित्तीय नुकसान होगा।
वित्तीय मुश्किलों के कारण लेना पड़ा फैसला
पंजाब सरकार वित्तीय मुश्किलों के मद्देनजर सभी विभागों से पैसा खजाने में वापस मंगवा रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि असल में सालों से यह राशि कॉलेजों के पास बिना उपयोग के पड़ी है, जिस कारण इन फंडों को खजाने में जमा कराया जा रहा है। विद्यार्थियों और संस्थानों के लिए आवश्यक फंड बजट में रखा जाएगा और कोई भी काम प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। ज्ञात रहे कि पंजाब में वित्तीय संकट निरंतर गहरा रहा है और राज्य का कर्ज भी चार लाख करोड़ हो चुका है।
पांचजन्य