अब हर बंद की कॉल पर बंद नहीं होंगी दुकानें
18 सितंबर, 2026 – जालंधर : जालंधर शहर की विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं की एक अहम बैठक हुई, जिसमें शहर के सभी प्रमुख होलसेल बाजारों से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में शहर की 50 से अधिक व्यापारिक एसोसिएशनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अगस्त महीने में अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक संगठनों द्वारा तीन बार पंजाब बंद का आह्वान किया गया था, जिसमें व्यापारी वर्ग ने पूरा सहयोग दिया। हालांकि मौजूदा व्यापारिक हालात को देखते हुए अब पूरे दिन दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखना व्यापारियों के लिए संभव नहीं है।
व्यापारियों ने कहा कि वे धार्मिक और सामाजिक संगठनों के साथ पूरी तरह खड़े हैं और उनके जायज मुद्दों का समर्थन करते हैं, लेकिन कारोबार में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए अब किसी भी मुद्दे पर होने वाले रोष प्रदर्शन के दौरान पूरे दिन बाजार बंद नहीं किए जाएंगे। यदि किसी मामले में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करने की जरूरत महसूस हुई तो यह बंद दोपहर 2 बजे तक ही रखा जाएगा।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और खास तौर पर प्रशासन के साथ बैठक की जाएगी, ताकि भविष्य में होने वाले किसी भी रोष प्रदर्शन में दुकानदारों और व्यापारियों के हितों को भी ध्यान में रखा जा सके और व्यापार का ज्यादा नुकसान न हो।
बैठक में बलजीत सिंह आहलूवालिया, रविंदर धीर, जसप्रीत रिप्पी, जसविंदर सिंह सचदेवा, हरप्रीत सिंह नीटू, अमित वधवा, विश्वजीत सिक्का, दीपा निश्चल, शिवनाथ सिद्धू, नीटू टक्कर, जसपाल सिंह, नरेश मल्होत्रा, दीपक जोशी, नीरज मगू, प्रभु जगी, निर्मल सिंह बेदी, प्रीतम सिंह, कृष्ण लाल, अमित सहगल, सुरेश गुप्ता, हरप्रीत लवली, जसपाल फ्लोरा, सरबजीत आनंद, बलबीर सिंह, नीटा मुरगई, अश्वनी छाबड़ा सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद थे।
पंजाब केसरी