‘भारत अब अवसरों का देश है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स के दौरे पर पहुंचे। हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए खाड़ी ऊर्जा संकट पर चिंता जताई और भारत को अवसरों का देश बताया। विदेशी भारतीयों से विकास में योगदान देने की अपील।
19 मई, 2026 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स के दौरे पर हैं। जहां, उन्होंने राजधानी हेग में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए बड़ी बात कही है। उन्होंने खाड़ी संकट से उपजे ऊर्जा संकट को लेकर दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों पर चिंता जताई और कहा कि अगर ये संकट जारी रहे तो पिछले कई दशकों की उपलब्धियां बर्बाद हो सकती हैं। उन्होंने कहा, “हम देख रहे हैं कि दुनिया एक के बाद एक नई चुनौतियों से जूझ रही है। पहले कोरोना महामारी आई, फिर युद्ध शुरू हुए और अब ऊर्जा संकट है। ये दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बनता जा रहा है। अगर इन हालातों को जल्दी नहीं बदला गया तो दुनिया की बहुत बड़ी आबादी फिर से गरीबी की खाई में धंस सकती है।”
भारत की बदलती तस्वीर
अपने भाषण का बड़ा हिस्सा उन्होंने भारत की प्रगति पर रखा। पिछले 12 सालों में देश में जो बदलाव आए हैं, उन्हें उन्होंने अभूतपूर्व बताया। हाल के चुनावों में लोगों का भारी उत्साह और भागीदारी इसका प्रमाण है। देश अब बहुत बड़े सपने देख रहा है – ओलंपिक होस्ट करना और ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनना। मोदी जी ने कहा, “उस दिन से लेकर आज तक करोड़ों भारतीयों का जो विश्वास मुझे मिला है, वो मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।”
भारत है अवसरों का देश
प्रधानमंत्री ने भारत को अब अवसरों की भूमि बताया। ये देश टेक्नोलॉजी से चलने वाला है और साथ ही मानवीय मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है। भारत अपनी प्राचीन विरासत को बनाए रखते हुए आधुनिक भी बन रहा है। पीएम ने विदेश में बसे भारतीयों से अपील की कि वे अपने देश से दोबारा जुड़ें और उसे विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में शामिल हों। उन्होंने कहा, “इससे भारत की क्षमता बढ़ेगी और आपके निवेश पर भी बेहतर रिटर्न मिलेगा। ये मोदी की गारंटी है।”
भारत-नीदरलैंड्स संबंध
भाषण में भारत और नीदरलैंड्स के बीच के रिश्तों का भी जिक्र रहा। मोदी जी ने समुदाय को भारत की मौजूदा स्थिति और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने जोर दिया कि भारत अब टेक-ड्रिवन है, अवसरों से भरा है और मानवता से ओत-प्रोत है। पुरानी और नई दोनों दुनिया को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।
भारतीय मूल के लोगों से विशेष अपील
पीएम मोदी ने विदेशी भारतीयों को याद दिलाया कि भारत की प्रगति में उनका योगदान बहुत मायने रखता है। देश की तरक्की में शामिल होने से न सिर्फ भारत मजबूत होगा बल्कि उन्हें भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि लोगों का भरोसा उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा दे रहा है। देश के लक्ष्य अब बहुत ऊंचे हैं – ये खुद को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।
पांचजन्य