जालंधर कैंट में होगा महा मुकाबला, कांग्रेस के परगट सिंह के सामने होंगे पार्टी के बड़े नेता
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि इस बार सभी सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। बीजेपी ने शहरी और अर्द्ध शहरी सीटों पर ताकत बढ़ाई है। इसमें जालंधर कैंट सीट भी शामिल है, जहां से कांग्रेस के परगट सिंह के मुकाबले के लिए ऐसे चेहरे की तलाश कर दी है, जो करिश्मा कर सकता है। अभी दावेदारों की लिस्ट में तीन दिग्गज नेता हैं।
19 नवंबर, 2026 – चंडीगढ़ : पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए माहौल में जीत-हार की चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों ने जनसभाओं और यात्राओं से चुनावी माहौल में सरगर्मी बढ़ा दी है। आम आदमी पार्टी, बीजेपी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने अपनी रणनीति बदल दी है। 117 सीटों वाली विधानसभा के लिए हर सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। सबसे तगड़ा मुकाबला जालंधर कैंट सीट दिख सकता है, संगरूर की धूरी सीट से भी ज्यादा। जालंधर कैंट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह चुनाव लड़ते हैं, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के रवनीत बिट्टू या हरभजन सिंह जैसे सेलिब्रेटी नेता से हो सकता है।
14 चुनावों में 10 बार कांग्रेस ने जीती है सीट
पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन फाइनल स्टेज पर हैं। बताया जा रहा है कि गठबंधन के बाद बीजेपी 45 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। इन सीटों में जालंधर कैंट की सीट भी शामिल है। इस सीट पर 1962 से 14 बार चुनाव हो चुके हैं, जिसमें से 10 बार कांग्रेस को जीत मिली है। शिरोमणि अकाली दल को 2 बार और जनता पार्टी को एक बार कामयाबी मिली। 1967 में एक बार निर्दलीय के खाते में जालंधर कैंट गई। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता और पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह ने हैट्रिक लगाई थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के सुरिंदर सिंह सोढी को 5 808 वोटों से हराया था। शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे थे।
आम आदमी पार्टी ने भी जालंधर में बदली रणनीति
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेतृत्व ने परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अब उनके सामने जालंधर कैंट के साथ पूरे पंजाब में बेहतर प्रदर्शन की जिम्मेदारी है। आम आदमी पार्टी ने चुनावी फेरबदल करते हुए अपना हल्का इंचार्ज बदल दिया है। महासचिव दीपक बाली अब जालंधर कैंट के प्रभारी बनाए गए हैं। चुनाव को सबसे बड़ा ट्विस्ट बीजेपी की ओर से आने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी विधानसभा चुनाव में कई सेलिब्रेटी और दिग्गज चेहरों को उतारेगी। जालंधर कैंट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के नाम की चर्चा है। लिस्ट में तीसरे ऑप्शन के तौर पर राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल का नाम भी सामने आ रहा है।
अकाली दल से गठबंधन के बाद भी बीजेपी लड़ेगी
बीजेपी से जुड़े सीनियर कार्यकर्ता ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू जालंधर कैंट से बीजेपी के ट्रंप कार्ड हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह रवनीत बिट्टू की पारिवारिक सीट रही है। उनके दादा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह ने 1992 में जालंधर कैंट से जीत हासिल की थी। 1997 के चुनाव में बिट्टू के चाचा तेज प्रकाश जीतकर विधायक बने। 2002 में उनकी बुआ ने जीत हासिल की थी। 2007 और 2012 में यह सीट कांग्रेस के हाथ से निकल गई। यहां शिरोमणि अकाली दल ने एनडीए की लहर में जीत हासिल की। केंद्रीय मंत्रिमंडल से बिट्टू की छुट्टी पंजाब में बड़े रोल के लिए हुई है। जालंधर कैंट उनके लिए मौका साबित हो सकता है।
नरेंद्र मोदी ने जालंधर कैंट स्टेशन की सूरत बदली
नाम नहीं बताने की शर्त पर एक बीजेपी नेता ने बताया कि बीजेपी ने पिछले 5 साल में जालंधर में काफी मेहनत की है। अकाली दल से अलग होने के बाद यहां स्थानीय नेतृत्व के साथ बड़ी संख्या में नए कार्यकर्ता बीजेपी से जुड़े। पीएम नरेंद्र मोदी ने सेंट्रल फंड से काम कराए। 110 करोड़ खर्च के बाद जालंधर कैंट स्टेशन का कायापलट कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर केंद्रीय नेतृत्व शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन के लिए राजी होता है, तब भी जालंधर कैंट विधानसभा सीट बीजेपी के पास ही रहेगी। यहां भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार निकलेगा। बीजेपी नेता ने दावा किया कि कांग्रेस विधायक और आप सरकार क्षेत्र का विकास कराने में विफल रही है। पांच साल के दौरान सिर्फ एक मीठापुर स्टेडियम को दोबारा बनाया गया।
नवभारत टाइम्स