अकाल तख्त और सरकार आमने-सामने
पंजाब में दि जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम को लेकर विवाद बढ़ा। अकाल तख्त की आपत्तियां बरकरार, सरकार की कमेटी से मुलाकात टली।
27 नवंबर, 2026 – चंडीगढ़ : पंजाब की राजनीति में बढ़त बनाने के लिए सत्ताधारी आम आदमी पार्टी द्वारा चला गया दांव मुंह के भार गिरता नजर आ रहा है। पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब के बीच दि जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की मंजूरी के बाद कानून अधिसूचित हो चुका है लेकिन श्री अकाल तख्त साहिब की आपत्तियां बरकरार हैं।
सरकार विधानसभा चुनाव से पहले इस संवेदनशील पंथक मसले का समाधान चाहती है लेकिन कानून के मूल उद्देश्य से समझौता करने को तैयार नहीं है। दूसरी ओर, श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित कमेटी का कहना है कि सरकार पहले तख्त की ओर से जारी निर्देशों पर अपना रुख स्पष्ट करे। इसके बाद ही बातचीत आगे बढ़ सकती है। इसी वजह से कमेटी ने 18 नवंबर को अमृतसर पहुंची पंजाब सरकार की विशेष कमेटी से मुलाकात नहीं की। इस बीच शिरोमणि अकाली दल इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेर रहा है।
भगवंत मान ने क्या कहा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का कहना है कि श्री अकाल तख्त साहिब की कमेटी के साथ कानून के प्रावधानों पर चर्चा और सहमति बनाने की प्रक्रिया में इसकी मूल भावना और उद्देश्य से समझौता नहीं होना चाहिए। उधर, अकाल तख्त की कमेटी ने सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई है। उसका कहना है कि विवादित कानून के अमल पर रोक लगाए बिना बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती। कमेटी को इस बात पर भी ऐतराज है कि 11 मई और 29 जून को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से दिए गए निर्देशों का छह महीने बाद भी पालन नहीं हुआ।
14 नवंबर को सरकार को भेजा था पत्र
कमेटी ने 14 नवंबर को सरकार को पत्र भेजकर पूछा था कि क्या निर्देशों को लागू करने के लिए कोई कदम उठाया गया है? क्या संशोधित कानून के अमल पर रोक लगाने के लिए कोई आदेश या अधिसूचना जारी की गई है? कमेटी का मानना है कि कानून पर रोक नहीं लगाने से सिख समुदाय की नाराजगी बढ़ सकती है। साथ ही, पावन स्वरूपों की संगत तक उपलब्धता में भी बाधाएं पैदा हुई हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सरकार विवाद को लंबा नहीं खींचना चाहती। उसने अकाल तख्त की कमेटी से सरकारी कमेटी के साथ जल्द बैठक करने का आग्रह किया है।
पंजाब विधानसभा ने 13 अप्रैल 2026 को विशेष सत्र में बेअदबी रोधी संशोधन कानून पारित किया था। इसका उद्देश्य 2008 के दि जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार अधिनियम को अधिक सख्त बनाना और बेअदबी के मामलों में कठोर सजा का प्रावधान करना था। सरकार का तर्क है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों में कठोर दंड और प्रभावी कानूनी कार्रवाई के लिए यह संशोधन जरूरी है।
बेअदबी कानून में अपराध के लिए सजा
संशोधित कानून में बेअदबी के अपराध के लिए 7 से 20 साल तक कैद और 2 से 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। शांति या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से आपराधिक साजिश के तहत बेअदबी करने पर 10 साल से उम्रकैद तक की सजा और 5 से 25 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने पर पांच साल तक कैद और 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
पांचजन्य