पंजाब फार्मेसी ऑफिसर की भर्ती परीक्षा का उठाया मुद्दा
पेपर लीक को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार सरकार को घेर रही है। इस बीच अब बीजेपी ने पंजाब के फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में हुए नकल फर्जीवाड़े पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी ने पूछा है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के मामले पर क्यों नहीं बोल रहे।
24 जुलाई, 2026 – नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधा है। पार्टी ने सवाल किया कि AAP नेता पंजाब फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा के दौरान सामने आए कथित धोखाधड़ी रैकेट पर तो कोई विरोध नहीं करते, लेकिन NEET पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से निपटने के तरीके को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते रहते हैं।
454 फार्मेसी ऑफिसर पदों पर भर्ती
बीजेपी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पंजाब पुलिस ने राज्य में 454 फार्मेसी ऑफिसर पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा में एक बड़े नकल रैकेट का पर्दाफाश किया। BJP IT सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने AAP पर चुनिंदा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनके प्रॉक्सी प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए लड़ने का दावा करते हैं। तो वे अब कहां हैं?
नकल के लिए पेन कैमरे का इस्तेमाल
अमित मालवीय ने आगे कहा कि पंजाब की फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल का रैकेट चल रहा है। पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए मालवीय ने कहा कि पुलिस ने 7 मुख्य आरोपियों और 28 उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि पेपर लीक करने के लिए एक छिपे हुए पेन कैमरे का इस्तेमाल किया गया था और ब्लूटूथ ईयरपीस के जरिए जवाब लाइव भेजे गए थे। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों ने 3.5 लाख रुपये से 13 लाख रुपये के बीच पैसे दिए थे।
पंजाब के शिक्षा मंत्री को कब हटाएंगे
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन कहां हैं? गुस्सा कहां है? या क्या चुनिंदा सक्रियता सिर्फ राजनीतिक विरोधियों द्वारा शासित राज्यों के लिए ही है? मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी इस विवाद को लेकर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। X पर एक पोस्ट में सिरसा ने लिखा कि पंजाब फार्मा ऑफिसर परीक्षा में नकल के मामले के बाद, केजरीवाल पंजाब के शिक्षा मंत्री को कब हटाएंगे और सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री नियुक्त करेंगे?
नवभारत टाइम्स