भारतीय मिसाइलों को रोकने चीन से एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम खरीद रहा पाकिस्तान?
Pakistan BDM: पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारियों का कहना है कि भारतीय नौसेना की SSBM क्षमता का मुकाबला पाकिस्तान नहीं कर सकता है इसलिए पाकिस्तान भारत के बराबर क्षमता विकसित कर रहा है। भारतीय ब्रह्मोस को पाकिस्तान सबसे बड़ा खतरा मानता है और उसी से बचने की तैयारी कर रहा है।
12 नवंबर, 2026 – इस्लामाबाद: क्या भारत की बैलिस्टिक मिसाइलों की मार से बचने के लिए पाकिस्तान अपने एयर डिफेंस में चीन की एंटी-बैलिस्टिक मिसाइलें फिट कर रहा है? सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर ये दावा किया गया है। कुछ ऑब्जर्वर्स ने सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर दावा किया है कि पाकिस्तान में ‘चाइना इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी ग्रुप कॉर्पोरेशन’ (CETC) के SLC-12 या SLC-14 लॉन्ग-रेंज रडार जैसे उपकरण दिखाई दे रहे हैं। अगर ये जानकारी सही है तो पाकिस्तान में इनकी मौजूदगी यह संकेत देती है कि पाकिस्तान चीनी HQ-19 एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल (ABM) या बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) सिस्टम को अपने बेड़े में शामिल करने की दिशा में काम कर रहा है।
पाकिस्तान सरकार की तरफ से ही जारी एक सोशल मीडिया पोस्ट में HQ-19 के बारे में जानकारी मिली थी जिसे अगले ही दिन डिलीट कर दिया गया। इस पोस्ट में बताया गया था कि चीन ने पाकिस्तान को हथियारों का एक बड़ा पैकेज देने की पेशकश की है जिसमें J-35AE स्टील्थ फाइटर जेट, KJ-500E एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) सिस्टम और HQ-19 शामिल हैं।
पाकिस्तान BMD शील्ड क्यों तैयार कर रहा है?
पाकिस्तान के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल खालिद किदवई ने कहा कि भारतीय नौसेना के पास पनडुब्बी से परमाणु मिसाइल छोड़ने की क्षमता आ गई है। पाकिस्तान हर उस क्षमता को हासिल करना तो जिसे भारत हासिल कर लेता है। लेकिन पनडुब्बियों से बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च करना काफी मुश्किल काम है और पाकिस्तान के लिए ये क्षमता हासिल करना आसान नहीं है। इसीसिए पाकिस्तान ने दूसरा उपाय तलाशा है और वो है अपनी BMD शील्ड तैयार करना।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का मानना है कि भारत की आधिकारिक नीति भले ही परमाणु हथियारों की ‘नो फर्स्ट यूज’ की है लेकिन वो कभी भी खतरे की स्थिति में पहले परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इसीलिए पाकिस्तान को पहले से तैयारी करके रखनी होगी। उन्होंने भारत की ब्रह्मोस मिसाइल का भी हवाला दिया।
भारतीय ब्रह्मोस से पाकिस्तान नौसेना को डर
उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना के पास ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें (SSCM) हैं और ब्रह्मोस मिसाइल, पाकिस्तान की नौसेना के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इसीलिए पाकिस्तान के पास दो रास्ते थे। पहला ये कि ब्रह्मोस को रोकने का रास्ता खोजा जाए और दूसरा ऐसी ही क्षमता विकसित की जाए। पाकिस्तानी नौसेना दोनों ही विकल्प की तरफ बढ़ी और वैसी ही क्षमता विकसित करने के लिए चीन से CM-302 SSCM हासिल किया और सुरक्षा की एक परत तैयार करने के लिए इटली से CAMM-ER एयर डिफेंस सिस्टम लिया।
भारत के मुकाबले पाकिस्तान की क्षमता काफी सीमित
पाकिस्तानी अधिकारी ने माना कि SSBN (परमाणु-संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों) के मामले में भारत की बराबरी करने की पाकिस्तान की क्षमता काफी सीमित है। पाकिस्तान ने पहले चीन से इसी साल मिली हंगोर क्लास पनडुब्बी में क्रूज मिसाइल इंटीग्रेट करने की कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हो सका। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर पाकिस्तान हंगोर क्लास पनडुब्बी में सुपरसोनिक मिसाइल जोड़ने की कोशिश करता है तो पनडुब्बी की एंटी शिप और एंटी सबमरीन क्षमता काफी कमजोर हो जाएगी इसीलिए पाकिस्तान बीएमडी क्षमता विकसित कर रहा है।
नवभारत टाइम्स