देखें कैसे कराची की सड़कों पर गूंजे ‘हरे कृष्णा’ के नारे
Pakistan Jagannath Rath: पाकिस्तान के कराची शहर में भी भारत की तरह भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई है। इसमें हिंदु समुदाय के सैकड़ों भक्त शामिल हुए थे।
17 जुलाई, 2026 – इस्लामाबाद: हिंदुओं के लिए खतरनाक देश बन चुके पाकिस्तान में भी आज भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई है। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कराची शहर में रथयात्रा निकाली गई है जिसमें हिंदु समुदाय के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया है। पाकिस्तान में कोई हिंदू त्योहार मनाना दुर्लभ घटना लगती है। कराची की सड़क पर जब रथयात्रा निकाली गई तो सड़क से गुजरने वाले लोग इसे निहारते नजर आए। इस दौरान भगवान जगन्नाथ के भक्तों के हाथ में पाकिस्तान का झंडा भी लहरा रहा था।
भगवान के भक्त सड़कों पर नाच रहे थे और हरे कृष्णा का भजन गा रहे थे। कराची की सड़कों पर लोगों के मन में भारी उत्साह देखा जा रहा था। इस वीडियो को हिमेश चौहान ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है। पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के लोग कई ऐतिहासिक मंदिरों में अपनी धार्मिक परंपराओं और त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं।
पाकिस्तान में हर साल निकाली जाती है रथयात्रा
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय हर साल जगन्नाथ रथ यात्रा मनाता है। इसकी मुख्य और सबसे बड़ी शोभायात्रा कराची के श्री स्वामीनारायण मंदिर से निकलती है। सैकड़ों भक्त फूलों से सजे रथ को खींचने, भजन गाने और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना में शामिल होने के लिए इकट्ठा होते हैं। यह शानदार आयोजन जिसमें पास के मारी माता मंदिर के लोग भी शामिल होते हैं वहां के अल्पसंख्यक समुदाय की लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को दिखाता है। रथ यात्रा के भव्य जुलूस के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं।
कराची का श्री स्वामीनारायण मंदिर कराची के मोहम्मद अली जिन्ना रोड पर स्थित है। यह मंदिर 140 से ज्यादा वर्ष पुराना है। यह पाकिस्तान के सबसे प्रमुख और विशाल हिंदू परिसरों में से एक है। 1947 में विभाजन के दौरान इस मंदिर परिसर ने भारत जाने वाले प्रवासियों के लिए एक शरणार्थी शिविर के रूप में भी काम किया था जहां पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना ने खुद दौरा किया था। यहां जगन्नाथ रथ यात्रा के अलावा अन्य सभी मुख्य त्योहार बड़े पैमाने पर आयोजित किए जाते हैं।
नवभारत टाइम्स