पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में दो खास मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना और नक्सली समस्या का खात्मा प्रमुख रहे। इस मीटिंग में प्रधानमंत्री ने कहा कि बचत को बढ़ावा दें। उन्होंने ये भी जोड़ा कि भारत में खाओ पियो मौज करो वाली संस्कृति नहीं रही।
19 नवंबर, 2026 – नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी कैबिनेट मंत्रियों और सरकारी सचिवों से बचत की आदत को बढ़ावा देने के लिए कहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय संस्कृति ‘खाओ, पियो और मौज करो’ में विश्वास नहीं रखती है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री का बचत को बढ़ावा देने पर जोर देने के पीछे यह चिंता थी कि गरीबी से बाहर निकले कई लोग, बेहिसाब खर्च करने की वजह से, फिर घोर गरीबी में जा सकते हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिपरिषद और सचिवों से दो टूक कहा कि वे नशीले पदार्थों की लत (ड्रग एडिक्शन) को खत्म करने का अपना अगला लक्ष्य बनाएं।
भारत ने तेजी से गरीबी करने का रिकॉर्ड बनाया: PM
पीएम मोदी ने कहा कि 2011 से 2023 के बीच भारत ने दुनिया में सबसे तेजी से गरीबी कम करने का जो रिकॉर्ड बनाया है, वह एक राष्ट्रीय उत्सव का विषय है। यह उपलब्धि सरकारों, अधिकारियों, उद्योगों और आम लोगों के सामूहिक योगदान से संभव हो पाई है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दो अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना और नक्सली समस्या का खात्मा करना शामिल रहा।
पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट मीटिंग
सूत्रों ने बताया कि गृह और वित्त सहित केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के 11 सचिवों ने संबंधित विषयों पर प्रेजेंटेशन भी दीं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मोदी सरकार के गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की सराहना की गई और विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का जिक्र किया गया, जिसमें 2011 से 2023 के बीच भारत में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से ऊपर उठने और देश में अत्यधिक गरीबी की दर में 90 फीसदी की कमी आने की बात कही गई है।
कैबिनेट मीटिंग में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट मीटिंग में इस बात पर भी विस्तार से चर्चा हुई कि 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने और देश में नक्सली खतरे को खत्म करने के लिए क्या-क्या कदम उठाए गए। सूत्रों ने बताया कि बैठक में शासन, सुधारों और महिलाओं-युवाओं तक कल्याणकारी और विकास योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
पिछली बैठक का नाम था चिंतन शिविर
- मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक, जिसे ‘चिंतन शिविर’ कहा गया था, सितंबर में आयोजित हुई थी।
- इसमें मंत्रियों ने यह सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की थी कि सभी सरकारी योजनाओं का फायदा 100 फीसदी वास्तविक लाभार्थियों तक कैसे पहुंचे
- नागरिकों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों के बारे में उनसे प्रभावी ढंग से कैसे जुड़ा जाए।
- हालांकि, बुधवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक को कोई नाम नहीं दिया गया।
- सितंबर में हुई बैठक में मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था।
- प्रधानमंत्री ने इन सभी समूहों के साथ अलग-अलग बातचीत की थी और साथ ही उन्हें एक साथ संबोधित भी किया था।
नवभारत टाइम्स