बीजेपी ने पूर्व कांग्रेसी नेता त्रिलोचन सिंह का वीडियो जारी कर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। त्रिलोचन सिंह इस वीडियो में कांग्रेस की तरफ से बूथ कैप्चरिंग का दावा करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह बूथ कैप्चरिंग के लिए असलहा लेकर जाते थे। उन्होंने कहा कि वे आंध्र प्रदेश में एनटी रमाराव के खिलाफ बूथ कैप्चरिंग करने के लिए गए थे।
23 अक्टूबर, 2026 – नई दिल्ली: देश में वोटिंग प्रक्रिया और SIR को लेकर जहां लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है वहीं अब बीजेपी और कांग्रेस भी आमने-सामने है। दोनों पार्टियों की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने वीडियो जारी कर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल शुरू हो गया है। इसी क्रम में बीजेपी ने एक पूर्व कांग्रेसी नेता त्रिलोचन सिंह का तथाकथित वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस वीडियो में त्रिलोचन सिंह की तरफ से दावा किया जा रहा है कि वह कांग्रेस की तरफ से ‘असलहा’ लेकर बूथ कैप्चरिंग कराने जाते थे।
क्या कहा कांग्रेस के पूर्व नेता त्रिलोचन सिंह ने
कांग्रेस के पूर्व नेता त्रिलोचन सिंह ने कहा कि कि कांग्रेस शासन के दौरान उन्हें और अन्य नेताओं को दूसरे राज्यों में असलहा (हथियार) लेकर बूथ कैप्चरिंग कराने के लिए भेजा जाता था। त्रिलोचन सिंह के दावे के मुताबिक, वे और शमशेर गोगी 1982 में आंध्र प्रदेश में एनटी रमाराव के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के लिए असलहा और कारतूस लेकर बूथ कैप्चरिंग करने गए थे।
उन्होंने कहा कि वे और शमशेर गोगी दोनों असलहा लेकर वापस आ रहे थे, कारतूस खत्म हो गया था और रास्ते में एक्सीडेंट हो गया था। अब देखो शमशेर गोगी की मजबूरी हो सकती है क्योंकि वह कांग्रेस पार्टी में है और कुछ बोलेगा नहीं। जब अब बीजेपी के ऊपर वोट चोरी के आरोप लग रहे हैं तो मैं बोलूंगा ही। मैं जिस पार्टी में हूँ उसके प्रति मैं गंभीर हूं।
दिल्ली में भी हमारी ड्यूटी लगी थी: त्रिलोचन सिंह
त्रिलोचन सिहं ने कहा कि शमशेर गोगी के साथ हमारी दिल्ली में भी ड्यूटी लगी थी। वो अलग बात है कि बूथ कैप्चरिंग करने में हम कितने सफल रहे थे। कांग्रेस पार्टी बूथ कैप्चरिंग के जरिए ही चुनाव जीतती थी। जबसे ईवीएम के माध्यम से वोटिंग शुरू हुई है तब से ये लगातार चुनाव हार रहे हैं।
नवभारत टाइम्स