स्वतंत्रता का प्रज्वलित सूर्य
इलाहाबाद की पावन धरा पर 26 अक्तूबर 1890 को अतरसुइया के एक साधारण कायस्थ परिवार में जब इस बालक का जन्म हुआ तो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह शिशु भविष्य में भारतीय पत्रकारिता का सूर्य बनेगा।

भारतीय स्वाधीनता संग्राम के महासमर में जहां एक ओर तलवारों की खनक और बंदूकों की गूंज थी, वहीं दूसरी ओर एक ऐसी वैचारिक क्रांति की धारा भी प्रवाहित हो रही थी, जिसने जनमानस के अंतर्मन को झकझोर कर रख दिया था। इस वैचारिक क्रांति के पुरोधाओं में एक ऐसा नाम दैदीप्यमान नक्षत्र की भांति चमकता है, जिसने अपनी लेखनी को ही अपना अस्त्र बनाया और सत्य की बलिवेदी पर स्वयं को न्योछावर कर दिया। वह नाम है गणेश शंकर विद्यार्थी, जो एक संस्था, एक विचार और निर्भीक पत्रकारिता के जीवंत प्रतिमान थे। उनका व्यक्तित्व उस पारस पत्थर के समान था, जिसके स्पर्श से सामान्यजन भी राष्ट्रभक्ति के स्वर्ण में परिवर्तित हो जाते थे। उनकी जीवन यात्रा उस शाश्वत संघर्ष की गाथा है, जहां एक अकेला व्यक्ति अपनी नैतिक शक्ति के बल पर साम्राज्यवादी सत्ता की चूलें हिलाने का साहस रखता था।
गणेश विद्यार्थी: पत्रकारिता का उदित सूर्य
इलाहाबाद की पावन धरा पर 26 अक्टूबर 1890 को अतरसुइया के एक साधारण कायस्थ परिवार में जब इस बालक का जन्म हुआ तो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह शिशु भविष्य में भारतीय पत्रकारिता का सूर्य बनेगा। पिता जयनारायण, जो स्वयं एक शिक्षक थे, ने गणेश को अनुशासन और ज्ञान की वह घुट्टी पिलाई, जिसने उनके भीतर सत्य के प्रति अटूट निष्ठा का बीजारोपण किया। यद्यपि उनकी प्रारंभिक शिक्षा उर्दू और अंग्रेजी के वातावरण में हुई किंतु उनके भीतर भारतीयता का जो ज्वार उमड़ रहा था, उसने उन्हें हिंदी साहित्य और राष्ट्रीय चिंतन की ओर मोड़ दिया। उनके भीतर की तड़प केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं थी बल्कि वे समाज की विसंगतियों और पराधीनता की बेड़ियों को देख रहे थे। यही कारण था कि उन्होंने अपने नाम के साथ ‘विद्यार्थी’ शब्द जोड़ा, जो इस बात का प्रतीक था कि वे जीवन के अंतिम क्षण तक एक जिज्ञासु और सीखने वाले साधक बने रहेंगे।
साहित्य से संघर्ष तक
उनकी पत्रकारिता का अध्याय तब प्रारंभ हुआ, जब देश में स्वाधीनता की चेतना अंगड़ाइयां ले रही थी। ‘कर्मयोगी’ में पंडित सुंदरलाल के सान्निध्य में उन्होंने शब्दों की शक्ति को पहचाना। बाद में जब उन्हें पंडित महावीर प्रसाद द्विवेदी जैसी महान विभूति ने ‘सरस्वती’ के संपादन का प्रस्ताव दिया तो यह किसी भी युवा लेखक के लिए एक महान उपलब्धि हो सकती थी किंतु विद्यार्थी जी का लक्ष्य केवल साहित्यिक परिष्कार नहीं था, वे तो उन शोषितों की आवाज बनना चाहते थे, जिनकी पुकार सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंचती थी। उन्होंने ‘सरस्वती’ के वैभव के स्थान पर ‘अभ्युदय’ के संघर्षपूर्ण मार्ग को चुना। उनका मानना था कि पत्रकारिता केवल अक्षरों का विन्यास नहीं है बल्कि यह वह मशाल है, जो अंधेरे को चीरने का सामर्थ्य रखती है।
अंग्रेजों के विरुद्ध जन आंदोलन
9 नवम्बर 1913 का दिन भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय की भांति अंकित है, जब कानपुर की तंग गलियों से ‘प्रताप’ का उदय हुआ। यह केवल एक साप्ताहिक पत्र नहीं था बल्कि फिरंगियों के विरुद्ध एक युद्धघोष था। ‘प्रताप’ के माध्यम से विद्यार्थी जी ने वह कर दिखाया, जो बड़ी-बड़ी सेनाएं नहीं कर पाती थी। उन्होंने किसानों की पीड़ा, मजदूरों का शोषण और रियासतों के अत्याचारों को अपनी स्याही से ऐसा उकेरा कि अंग्रेज सरकार के पसीने छूटने लगे। उनकी लेखनी में वह धार थी, जो सीधे जनमानस के हृदय को बेधती थी। उन्होंने पत्रकारिता को दरबारी संस्कृति से निकालकर गलियों और खेतों तक पहुंचाया। उनके लिए निष्पक्षता का अर्थ तटस्थता नहीं बल्कि सत्य के पक्ष में खड़े होकर अन्याय से लोहा लेना था।
जेल की यातनाओं में तपते योद्धा
अंग्रेजी हुकूमत के लिए विद्यार्थी जी एक कांटा बन चुके थे। उन पर अनगिनत मुकदमे चले, भारी जुर्माना लगाया गया और बार-बार कारावास की कालकोठरी में धकेला गया। पांच बार जेल जाने के बाद भी उनकी चमक फीकी नहीं पड़ी बल्कि वे हर बार और अधिक तपकर कुंदन की तरह बाहर निकले। जेल की यातनाएं उनके संकल्प को नहीं तोड़ सकीं। उन्होंने जेल में रहकर ‘जेल जीवन की झलक’ जैसी कृतियां रची, जिन्होंने जेल की चारदीवारी के भीतर के सच को दुनिया के सामने रखा। उनकी लेखनी ने स्वाधीनता सेनानियों के भीतर वह ऊर्जा भरी कि ‘प्रताप’ का कार्यालय क्रांतिकारियों का तीर्थस्थल बन गया। विद्यार्थी जी का राजनीतिक जीवन भी उनके पत्रकारिता के समान ही ओजस्वी था। वे केवल लिखने वाले बौद्धिक नहीं थे बल्कि कर्म के पथ पर चलने वाले योद्धा थे। उनके लिए पद कभी साध्य नहीं रहे, केवल साधन रहे। उनके भीतर एक अद्भुत समन्वय था, वे एक ओर अहिंसा के पुजारी थे तो दूसरी ओर अन्याय के विरुद्ध किसी भी हद तक जाने वाले बागी।
धर्म का सच्चा अर्थ और मानवता
गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन का जो पक्ष उन्हें महानता के सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करता है, वह है उनकी सांप्रदायिक सद्भाव के प्रति अटूट आस्था। वे भली-भांति समझते थे कि ब्रिटिश साम्राज्य की नींव ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर टिकी है। उन्होंने अपने लेखों में बार-बार चेतावनी दी कि धर्म का राजनीतिक उपयोग समाज के लिए विष के समान है। वे अक्सर कहा करते थे कि धर्म का स्थान मनुष्य का हृदय है, सड़क या संसद नहीं। मार्च 1931 का वह काला समय आया, जिसने भारत माता के इस सपूत को हमसे छीन लिया। पूरा देश भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की फांसी के शोक में डूबा हुआ था। कानपुर में सांप्रदायिक दंगों की भयावह आग भड़क उठी थी। चारों ओर उन्माद का तांडव था, मानवता कराह रही थी और भाई-भाई का खून बहा रहा था। ऐसे समय में जब लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबके थे, गणेश शंकर विद्यार्थी नंगे पैर, निहत्थे उस दहकती हुई आग के बीच कूद पड़े। उनके मित्रों और परिजनों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया किंतु उन्होंने उत्तर दिया कि यदि मेरा जीवन भाईयों को बचाने में काम आए तो इससे बड़ी सार्थकता और क्या होगी? वे गलियों में घूम-घूम कर दंगाइयों को समझाते रहे, असहाय महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाते रहे।
पत्रकारिता का पवित्र मिशन
25 मार्च 1931 को उस उन्मत्त भीड़ ने, जिसके भीतर से विवेक लुप्त हो चुका था, इस शांतिदूत पर प्रहार किया। विडंबना देखिए, जिस व्यक्ति ने उम्रभर गरीबों और मजलूमों के हक की लड़ाई लड़ी, वही उसी भीड़ की नफरत का शिकार हो गया। उनकी शहादत ने देश को स्तब्ध कर दिया। विद्यार्थी जी का बलिदान केवल एक व्यक्ति का अंत नहीं था बल्कि वह घृणा के विरुद्ध प्रेम की पराकाष्ठा थी। आज के इस दौर में, जब सूचनाओं के महासागर में सत्य कहीं खो गया है और पत्रकारिता के आदर्शों पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं, गणेश शंकर विद्यार्थी का जीवन एक प्रकाश-स्तंभ की भांति हमारा पथ प्रशस्त करता है। उन्होंने सिद्ध किया कि पत्रकारिता कोई पेशा नहीं बल्कि एक पवित्र मिशन है। उन्होंने कलम को कभी बिकने नहीं दिया और न ही कभी सत्ता की चकाचौंध में अपनी दृष्टि धुंधली होने दी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि एक पत्रकार का धर्म केवल घटनाओं का विवरण देना नहीं है बल्कि समाज के विवेक को जाग्रत करना है। वे एक ऐसे योद्धा थे, जिन्होंने शब्दों से समाज की आत्मा को स्पर्श किया और अपने रक्त से सांप्रदायिक एकता की इबारत लिखी।
विद्यार्थी जी का जीवन और उनका बलिदान भारतीय चेतना के उस अमर गौरव की गाथा है, जो युगों-युगों तक आने वाली पीढ़ियों को निर्भयता, सत्यनिष्ठा और सेवा का संदेश देती रहेगी। वे भारतीय पत्रकारिता के वह आकाश हैं, जिनकी गरिमा को कोई भी अंधकार छू नहीं सकता। वे उस अदम्य साहस की गूंज हैं, जो हर उस व्यक्ति के भीतर सुनाई देती है, जो अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाता है। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम अपनी कलम और अपनी वाणी में वही सत्य और वही करुणा समाहित करें, जिसके लिए उन्होंने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। वे सदैव हमारे संकल्पों में जीवित रहेंगे, एक ऐसे ‘विद्यार्थी’ के रूप में जिन्होंने पूरी दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ाया।
पांचजन्य