40 मिनट तक बात, होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने पर जोर
टेलीफोन वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।
15 अप्रैल, 2026 – नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया। दोनों नेताओं ने करीब 40 मिनट तक बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और क्षेत्र में शांति बहाल करने की जरूरत पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान वैश्विक स्थिरता और सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।
टेलीफोन वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा करने के साथ सभी क्षेत्रों में व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।”
पांचजन्य