‘2029 में महिला आरक्षण लागू हुआ तो और मजबूत व जीवंत होगा लोकतंत्र’, पीएम मोदी ने लिखा पत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में महिला सीटों की संख्या बढ़ाने का समर्थन किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर महिलाओं को लिखे पत्र में कहा कि 2029 में महिला आरक्षण के साथ चुनाव होने पर भारतीय लोकतंत्र और मजबूत होगा।
15 अप्रैल, 2026 – नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उन्हें यह उचित लगता है कि लोकसभा में महिलाओं के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि अगर 2029 में लोकसभा और विभिन्न विधानसभाओं के चुनाव महिलाओं को आरक्षण के साथ हुए तो भारतीय लोकतंत्र और भी अधिक मजबूत एवं जीवंत हो जाएगा।
‘एक्स’ पर महिलाओं के नाम पोस्ट एक पत्र में मोदी ने कहा कि जब नीति बनाने एवं फैसले लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी होती है, तो ‘विकसित भारत’ की ओर यात्रा और भी मजबूत होती है। इसलिए यह अतिआवश्यक है कि हम अपनी विकास यात्रा को और अधिक गति देने की हर संभव कोशिश करें।
इसके लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बिल्कुल टाली नहीं जा सकती। इसी सिद्धांत की वजह से 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हो पाया और इसी सिद्धांत ने इस संवैधानिक संशोधन को आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बना दिया है।
पीएम मोदी ने देश की महिलाओं के नाम लिखा पत्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं इतने सारे क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं, तो विधायी निकायों में भी उनकी भागीदारी बढ़नी चाहिए। लिहाजा नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधनों को 16 अप्रैल से शुरू होने वाले संसद के तीन-दिवसीय विशेष सत्र में पारित किया जाना चाहिए।
इसमें और देरी करना दुर्भाग्यपूर्ण और महिलाओं के साथ घोर अन्याय होगा। उन्हें पूरा भरोसा है कि महिलाएं भी अगले कुछ दिनों में संसद से इसके पारित होने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
भारत की बेटियों से उस चीज के लिए अनिश्चित काल तक इंतजार करने को नहीं कहा जा सकता, जिस पर उनका पूरा अधिकार है। प्रधानमंत्री ने कहा, ”जब हमारी विधानसभाओं व संसद में महिलाओं की आवाज और मजबूत होती है, तो असल में लोकतंत्र की आवाज ही और अधिक मजबूत होती है। मैं आगामी संसद सत्र एवं संवैधानिक संशोधन पारित कराने के लिए आपके और देश की करोड़ों महिलाओं के आशीर्वाद का आकांक्षी हूं।”
“मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप अपने स्थानीय सांसदों को लिखें और इस ऐतिहासिक संसद सत्र में भाग लेते समय उनका उत्साह बढ़ाएं। सांसदों को याद दिलाएं कि वे कुछ ऐसा करने जा रहे हैं जिसका असर आगामी कई सदियों तक महसूस किया जाएगा। इससे निश्चित रूप से उनका मनोबल बढ़ेगा!”
लोकसभा 816 हो जाएगी सीटों की संख्या
गौरतलब है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन पारित होने के बाद लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 816 हो जाएगी, जिनमें से 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। मौजूदा कानून के तहत महिला आरक्षण 2034 से पहले लागू नहीं हो पाता, क्योंकि यह 2027 की जनगणना के बाद परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने से जुड़ा हुआ था।
दैनिक जागरण