अमृतसर में कार में बैठे युवक पर बदमाशें ने बरसाई गोलियां, पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम
अमृतसर के गांव भुल्लर में कार में बैठे मनजीत सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिवार ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाया, पुलिस जांच कर आरोपितों की तलाश में जुटी है।
17 अप्रैल, 2026 – अमृतसर : पंजाब में अमृतसर के गांव भुल्लर में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने कार में बैठे एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 33 वर्षीय मनजीत सिंह के रूप में हुई है, जो गांव में चिकन की दुकान चलाते थे। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनजीत सिंह रोज की तरह अपनी दुकान के बाहर गाड़ी में बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ हमलावर अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गोलियां लगने से मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
मृतक के स्वजन ने आरोप लगाया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम है। उनके अनुसार वर्ष 2024 में आरोपितों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। इसी दुश्मनी के चलते मनजीत सिंह को निशाना बनाया गया।
आरोपियों की पहचान के लिए टीमें गठित
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक जागरण
पंजाब के मोगा में युवक की दिनदहाड़े हत्या, बदमाशों ने सिर पर मारी गोली
मोगा के धर्मकोट में 29 वर्षीय रेडीमेड कारोबारी गुरप्रीत सिंह की जालंधर हाईवे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी सर्विस कराने गए थे। सिर में गोली लगने से उनकी मौत हुई। छोटे भाई ने फोन लोकेशन ट्रेस कर घटना का पता लगाया।
17 अप्रैल, 2026 – मोगा : मोगा के कस्बा धर्मकोट के जालंधर हाईवे पर कस्बा में ही रेडीमेड का कारोबार करने वाले 29 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी स्कॉर्पियो एन गाड़ी सर्विस करवाने के लिए जालंधर हाईवे पर बने सर्विस स्टेशन गया था। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। युवक के सिर पर गोली लगी।
घटना का पता उसे समय लगा जब मृतक के छोटे भाई को गाड़ी की लोकेशन ट्रेस हुई और मौके पर दुकान पर लगे कर्मचारियों को भेज कर पता किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची।
मृतक की शव को सिविल अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया गया है। सिविल अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय गुरु प्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी धर्मकोट जो कस्बा में ही गेरी कलेक्शन के नाम पर रेडीमेड की दुकान चलाता था। वह बुधवार को अपनी स्कॉर्पियो एन गाड़ी की सर्विस करवाने के लिए सर्विस स्टेशन पर जाने की बात कह कर गया था।
लंबा समय गुरप्रीत सिंह के दुकान पर न पहुंचने के चलते उसके छोटे भाई द्वारा उसको फोन पर संपर्क किया गया। लेकिन फोन गुरप्रीत सिंह ने नहीं उठाया इसी दौरान उसके छोटे भाई ने फोन से लोकेशन ट्रेस की तो गुरप्रीत सिंह के फोन की लोकेशन पंडोरी रोड जालंधर हाईवे कि आई तो इस दौरान दुकान पर बैठे छोटे भाई ने दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों को मौका पर भेजा, जहां जाकर देखने पर पता चला कि गुरप्रीत सिंह गेरी अपनी स्कॉर्पियो एन गाड़ी में मृत पड़ा हुआ है।
परिवार के लोग उसे लहूलूहान अवस्था में मोगा के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां से उसको सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टर जांच के दौरान गुरप्रीत सिंह गेरी को मृत घोषित कर दिया गया बताया जा रहा है गुरप्रीत सिंह को पिछले समय धमकी बाद फोन आया था इसके बाद पुलिस ने गुरप्रीत सिंह को एक सुरक्षा कर्मी तैनात किया था लेकिन घटनाक्रम के दौरान गुरप्रीत सिंह के पास कोई भी सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था।
दैनिक जागरण
https://www.jagran.com/punjab/moga-moga-readymade-shop-owner-gurpreet-singh-shot-dead-40207367.html