ऑफ सीजन में आई पर्यटकों की बूम, रोजाना बॉर्डर पार कर रहीं 2000 गाड़ियां
भारत के पर्यटन उद्योग के लिए भारत वरदान साबित हो रहा है। नेपाली कस्टम के अनुसार, हर दिन 2000 से ज्यादा भारतीय वाहन नेपाल में प्रवेश कर रहे हैं। यह संख्या ऐसे समय मे है, जिसे नेपाल में ऑफ सीजन माना जाता है।
22 जून, 2026 – काठमांडू: भारत में चिलचिलाती गर्मी नेपाल के लिए बढ़िया मौका बन गई है। इसके चलते हाल के महीनों में भारत से नेपाल जाने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। पूर्व से पश्चिम तक प्रमुख पर्यटन केंद्रों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जिसमें भारत से आने वालों की बड़ी भूमिका है। यह भीड़ ऐसे समय में हो रही है, जब नेपाल में यह समय आमतौर पर पर्यटन के लिए ऑफ-सीजन माना जाता है।
रोज 2000 गाड़ियां पार कर रही बॉर्डर
नेपाली मीडिया आउटलेट काठमांडू पोस्ट ने बताया है कि हर दिन 2000 से ज्यादा भारतीय वाहन छुट्टियां मनाने वालों और तीर्थयात्रियों को लेकर नेपाल में प्रवेश करते हैं। सीमा के 6 प्रमुख चेकपॉइंट से मिले आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है। इन वाहनों में बाइक, कार और बसें शामिल हैं। बाइक पर दो यात्री होते हैं, जबकि कारों में आम तौर पर कम से कम चार लोग होते हैं। वहीं, तीर्थयात्री ज्यादातर बसों में यात्रा करते हैं।
भारतीय पर्यटकों के पहुंचने से नेपाली कारोबारी खुश
पर्यटन से जुड़े नेपाली कारोबारियों का कहना है कि पर्यटकों की संख्या बढ़ने से कारोबार में काफी सुधार हुआ है। हालांकि, धार्मिक यात्रा भी यात्रा का एक मुख्य कारण बनी हुई है, लेकिन हाल के वर्षों में छुट्टियां मनाने के लिए जाने वालों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
कुछ साल पहले तक ज्यादातर भारतीय पर्यटक मुख्य रूप से पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करते थे, लेकिन अब बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियों और ठंडे मौसम का मजा लेने के लिए नेपाल जा रहे हैं। कई लोग कैसीनो और स्पा के लिए भी सीमावर्ती कस्बों में जाते हैं।
भारतीय पर्यटकों की बड़ी संख्या लुंबिनी, बर्दिया और चितवन जा रही है, जबकि पाल्पा, बाग्लुंग, मस्टैंग, मनांग और पोखरा अपने पहाड़ी नजारों और सुहावने मौसम के लिए लोकप्रिय बने हुए हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ सीमा प्रक्रियाओं को आसान बनाया गया है। खुद की गाड़ी लेकर आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी के बाद कस्टम ऑफिस ने एंट्री को आसान बनाने के लिए एक ऑनलाइन सिस्टम शुरू किया है।
गाड़ियों पर कितनी लगती है कस्टम फीस
कस्टम रिकॉर्ड बताते हैं कि ज्यादातर पर्यटक उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश और केरल से आते हैं। नेपाल में प्रवेश करने पर भारत में रजिस्टर्ड कारों पर 600 रुपया प्रतिदिन का कस्टम शुल्क लगता है। मोटरसाइकिल के लिए यह शुल्क 200 रुपये प्रतिदिन है। तय सयम से ज्यादा रुकने पर कार पर 2500 रुपया प्रतिदिन और बाइक पर 1002 रुपये प्रतिदिन का जुर्माना लगता है।
नवभारत टाइम्स