कनाडा से लगाई मदद की गुहार
भारत द्वारा पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि निलंबित करने पर पाकिस्तान ने इसे बहाल कराने के लिए कनाडा से मदद मांगी
21 जुलाई, 2026 – इस्लामाबाद : भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। इसके बाद से पाकिस्तान छटपटा रहा है। वह चाह रहा है कि यह किसी तरह से बहाल हो जाए। इस संधि को फिर से बहाल कराने के वह अब कनाडा के सामने गिड़गिड़ा रहा है।
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से इस मुद्दे पर मदद मांगी है। आनंद दो दिन के दौरे पर पाकिस्तान आई हुई हैं।
1960 की सिंधु जल संधि भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व बैंक की मध्यस्थता में हुआ एक समझौता है। यह संधि सिंधु बेसिन की छह नदियों के पानी के बंटवारे को तय करती है, जिसमें पूर्वी नदियां भारत को और पश्चिमी नदियां मुख्य रूप से पाकिस्तान को आवंटित की गई हैं।
भारत ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद इसे निलंबित कर दिया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। भारत का कहना था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक यह संधि निलंबित रहेगी।
डार ने कहा, “हम कनाडा सहित अपने मित्र देशों से समर्थन चाहते हैं, ताकि भारत इस संधि को तुरंत बहाल करे, पानी का हथियार के तौर पर इस्तेमाल बंद करे और अंतरराष्ट्रीय कानून व रीति-रिवाजों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय कानून और संधि की शर्तों का पालन करे।”
दैनिक जागरण