27 जुलाई, 2026 – ममदोट (फिरोजपुर) : बगीचा सिंह पर पंजाब नेशनल बैंक का करीब पांच लाख रुपये का कर्ज था। 16 जुलाई को वह बैंक गए थे। वहां से लौटने के बाद वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे।
फिरोजपुर जिले के ममदोट क्षेत्र में बैंक कर्ज और जमीन कुर्की की चेतावनी से परेशान एक किसान ने सल्फास निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव हरगोबिंदपुरा निवासी बगीचा सिंह के रूप में हुई है। किसान की मौत के बाद परिजन ने बैंक प्रबंधन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके पिता पर पंजाब नेशनल बैंक का करीब पांच लाख रुपये का कर्ज था। 16 जुलाई को वह बैंक गए थे। वहां से लौटने के बाद वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे। उन्होंने परिवार को बताया था कि बैंक अधिकारियों ने कर्ज न चुकाने पर जमीन कुर्क करने की चेतावनी दी है। इसी तनाव के चलते उन्होंने सल्फास निगल लिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजन के अनुसार बगीचा सिंह अपने पीछे एक सुसाइड नोट भी छोड़ गए हैं जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए बैंक प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। गुरप्रीत सिंह ने प्रशासन से मांग की कि परिवार को आगे किसी प्रकार से परेशान न किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
किसान यूनियन ने उठाई कार्रवाई की मांग
किसान नेता गुरनाम सिंह ने आरोप लगाया कि बाढ़ से फसल पूरी तरह खराब होने के कारण किसान पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहा था। कर्ज का मामला अदालत में लंबित होने के बावजूद बैंक की ओर से जमीन कुर्की की धमकियां दी जा रही थीं। किसान संगठन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और जिम्मेदार बैंक अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अमर उजाला