पाकिस्तान के कब्जे वाले पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में पिछले कुछ समय से हालात को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं।
30 जुलाई, 2026 – पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। इस बार विवाद की वजह पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक बयान है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने (PoJK में प्रदर्शन कर रहे लोगों को भारत की तरह पाकिस्तान का दुश्मन बताया है। उनके इस कथित बयान के बाद पाकिस्तान सरकार और सेना की काफी आलोचना हो रही है।
PoJK में प्रदर्शन पर सख्त कार्रवाई, सरकार के रुख पर उठे सवाल
रावलकोट इलाके में हाल ही में प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई। दावा किया जा रहा है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 30 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। वहीं, पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग घटनाओं में मरने वालों की संख्या इससे भी अधिक बताई जा रही है। वायरल वीडियो में ख्वाजा आसिफ कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि (PoJK) के लोग भी भारत की तरह पाकिस्तान के दुश्मन हैं और उनसे किसी तरह की बातचीत नहीं होगी। अगर यह वीडियो सही है, तो इससे यह साफ होता है कि सरकार प्रदर्शन करने वाले लोगों के प्रति सख्त रुख अपनाए हुए है।
(PoJK) में पिछले कई सप्ताह से लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी महंगाई, स्थानीय लोगों के अधिकारों और मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन जैसे मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। कई जगह प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें कई जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) से जुड़े कार्यकर्ता भी शामिल थे। यह संगठन लंबे समय से स्थानीय लोगों के अधिकारों की बात करता रहा है। पाकिस्तान सरकार ने इस संगठन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक, मारे गए लोगों में JAAC के संस्थापक सदस्य उमर नजीर के छोटे भाई उस्मान नजीर भी शामिल थे।
पांचजन्य