117 सीटों पर है पूरी तैयारी, SAD-BJP गठबंधन का क्या होगा?
Punjab Assembly Election: अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) और बीजेपी गठबंधन की संभावनाएं तेज हो गई हैं। वहीं बीजेपी ने पंजाब में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा किया है। बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि पार्टी पूरी तरह तैयार है।
10 अगस्त, 2026 – चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2026 अगले साल यानी 2027 में होने वाले हैं। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात हुई है। इसको लेकर पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बैठक के बाद गठबंधन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बीजेपी ने यह साफ कर दिया है कि वह पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि पार्टी पूरी तरह तैयार है और पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी।
SAD-BJP गठबंधन पर क्या कहा?
बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा में हुई रैली के दौरान ही साफ कर दिया था कि बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात के संबंध में उन्होंने कहा कि पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर अकाली दल प्रमुख ने पीएम मोदी से चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी अलग-अलग राज्यों के नेताओं से नियमित रूप से मुलाकात करते हैं और पंजाब उनके लिए विशेष चिंता का विषय रहा है। इस मुलाकात के दौरान पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति, नशे की समस्या और पेपर लीक समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रधानमंत्री के सामने रखा।
पंजाब के किसानों से राहुल गांधी की बातचीत पर क्या कहा?
राहुल गांधी को पंजाब के किसानों से बातचीत करने की सलाह देते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि पंजाब के किसान ई20 के पक्ष में हैं और जो राजनीतिक दल इसका विरोध कर रहे हैं, उनके खिलाफ किसान आंदोलन कर रहे हैं। ई20 के मुद्दे पर देश का किसान खुश है और राहुल गांधी को इस विषय पर जमीनी स्तर पर किसानों से बातचीत करनी चाहिए।
कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देने का इंतजार कर रही पंजाब की जनता
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने दावा किया कि राज्य के लोग अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत से जिताने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बघेल ने कहा कि पंजाब के 18 जिलों का दौरा करने के बाद उन्होंने कांग्रेस के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा है क्योंकि वे आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार से तंग आ चुके हैं। इसने राज्य को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। वहीं वडिंग ने भी भरोसा जताया कि कांग्रेस अगले साल पंजाब में सरकार बनाएगी।
नवभारत टाइम्स