अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर को “भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा” बताए जाने के बाद पाकिस्तान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक विवाद गहरा गया है। इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में पदस्थ अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत को तलब किया है।
21 अगस्त, 2026 – इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उसने आधिकारिक विरोध जताने के लिए अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत को तलब किया है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बयान जारी कर अमेरिकी राजदूत की इस टिप्पणी को “तथ्यात्मक रूप से गलत” और “गैर-जिम्मेदाराना” करार दिया है। पाकिस्तान ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है, जिसका अंतिम समाधान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्तावों और कश्मीरी जनता की आकांक्षाओं के अनुसार होना बाकी है।
पाकिस्तान ने सर्जियो गोर के बयान का विरोध किया
पाकिस्तान ने कहा कि वह जम्मू और कश्मीर को “भारत का हिस्सा” बताए जाने की “कड़ी निंदा करता है और इसे स्पष्ट रूप से खारिज करता है।” उसने सर्जियो गोर की टिप्पणियों के समय और प्रकृति की भी आलोचना करते हुए कहा कि वे जम्मू और कश्मीर विवाद पर अमेरिका के लंबे समय से चले आ रहे रुख के अनुरूप नहीं हैं। पाकिस्तान ने कहा, “इस बात पर जोर दिया गया कि अमेरिकी राजदूत के गैर-ज़िम्मेदाराना बयान ने जम्मू और कश्मीर विवाद पर अमेरिका के लंबे समय से चले आ रहे और अच्छी तरह से दर्ज रुख को नकार दिया।”
पाकिस्तान ने कश्मीर पर ट्रंप के प्रस्ताव का जिक्र किया
उसने आगे आरोप लगाया कि ये टिप्पणियां अंतरराष्ट्रीय कानून और UN चार्टर के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता के खिलाफ हैं। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव का भी जिक्र किया और आग्रह किया कि वॉशिंगटन यह सुनिश्चित करे कि उसके सार्वजनिक बयान उस बात के अनुरूप हों जिसे इस्लामाबाद इस क्षेत्र की विवादित स्थिति बताता है।
सर्जियो गोर ने कश्मीर पर क्या कहा था?
जम्मू और कश्मीर के दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यहां आकर खुशी हो रही है। यह भारत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया हूं। यह बेहद खूबसूरत जगह है।” गोर ने यह भी कहा कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी यात्रा चेतावनी की समीक्षा करेगा, जिसमें आतंकवाद की चिंताओं के कारण वाशिंगटन की ओर से वर्तमान में लेवल 4 की “यात्रा न करें” सलाह शामिल है। उन्होंने कहा कि अमेरिका यात्रा चेतावनियां जारी करता है और हम समय-समय पर उन यात्रा चेतावनियों का पुनर्मूल्यांकन करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा नहीं कर सकता, लेकिन यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे।
नवभारत टाइम्स