सीमा पार से ड्रोन में आई थी खेप, खेतों से हुई बरामद
फिरोजपुर में 20 किलो से अधिक हेरोइन पकड़ी गई है। नशे की ये खेप पाकिस्तान से आई थी जिसे खेतों में गिराया गया था।
09 अक्टूबर, 2026 – फिरोजपुर (पंजाब) : युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फिरोजपुर में पुलिस ने गांव पधरी के खेतों में ड्रोन से फेंकी गई 20 पैकेट हेरोइन, 12 जिंदा कारतूस, दो बाइक, तीन जोड़ी चांदी की पायल और दो लोहे की रॉड बरामद की हैं।
बरामद हेरोइन का वजन करीब 20 किलो 298 ग्राम बताया जा रहा है। एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि पुलिस की विशेष टीमें नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। बीते 7 अक्तूबर को थाना सदर फिरोजपुर की पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम को गांव पधरी में ड्रोन गतिविधि की सूचना मिली थी।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खेत से नशे की खेप बरामद की। इस संबंध में थाना सदर फिरोजपुर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
अमर उजाला