पाकिस्तान ने भारत के चुनिंदा सिखों को अपने देश में एंट्री देने से लिए खास वीजा प्लान तैयार किया है। इसके जरिए आने वाले सिखों को स्पेशल एंट्री गेट और ग्रीन चैनलों के जरिए पासपोर्ट पर बिना ठप्पा लगाए पाकिस्तान में एंट्री दी जाएगी। इन लोगों को किसी तीसरे देश से पाकिस्तान बुलाया जाएगा, जिससे भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की नजर इन पर न पड़ सके।
17 नवंबर, 2026 – इस्लामाबाद: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) भारत के पंजाब में खालिस्तान आंदोलन को फिर से सुलगाने में जुटी है। इसके लिए उसने एक खास योजना भी बनाई है, जिसका मकसद सिखों को अलगाववाद के लिए प्रेरित करना है। ISI ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान में कई सिख धार्मिक स्थलों का जीर्णोधार किया है और कुछ खास भारतीय सिखों के लिए एक तरह से प्रीमियम वीजा और ट्रैवल फैसिलिटी सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत कुछ चुनिंदा भारतीय सिख अपने पासपोर्ट पर पारंपरिक इमिग्रेशन स्टैम्प के बिना पाकिस्तान में आ और जा सकेंगे।
भारतीय सिखों के लिए पाकिस्तान का स्पेशल वीजा प्लान
शीर्ष सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ISI की इस पहल का उद्देश्य पाकिस्तान में खास सिख ग्रुप्स तक अपनी पहुंच और प्रभाव का विस्तार करना है। इसके अलावा भारत में खालिस्तान समर्थक आंदोलन को भी हवा देना है, ताकि पंजाब के अमन-चैन को बिगाड़ा जा सके। रिपोर्ट में बताया गया है कि ISI के प्लान में खास ई-वीजा, स्मार्ट गेट इमिग्रेशन सर्विस, स्पेशल ग्रीन चैनल और बिना पासपोर्ट स्टैम्प के डिजिटल एंट्री-एक्जिट रिकॉर्ड शामिल हैं।
भारतीयों को तीसरे देश से पाकिस्तान बुलाया जाएगा
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ISI ने इसके पायलट प्रोजेक्ट पहले ही पूरा कर लिया है। वह इस योजना को अब बड़े स्तर पर लॉन्च करने की तैयारी में है। हालांकि, इसके पहले चरण में कुछ खास सिखों को भी इस योजना के तहत पाकिस्तान में एंट्री दी जाएगी। भविष्य में इसका विस्तार बड़े पैमाने पर करने की भी योजना है। इन चुने हुए लोगों को भारत से सीधे आने के बजाए किसी तीसरे देश से पाकिस्तान आने को कहा जाएगा। इनमें खास तौर पर ऐसे देशों को शामिल किया जाएगा, जिनके पाकिस्तान साथ मजबूत संबंध हैं। इनमें तुर्की, अजरबैजान, सऊदी अरब शामिल हैं।
पाकिस्तान यात्रा को भारत की नजरों से छिपाने की कोशिश
पाकिस्तान पहुंचने के बाद इन भारतीय यात्रियों को स्पेशल स्मार्ट गेट या ग्रीन चैनल के जरिए देश में दाखिल होने की अनुमति दी जाएगी। उनके आने-जाने का रिकॉर्ड डिजिटली रखा जाएगा और पासपोर्ट पर कोई ठप्पा नहीं लगेगा। इसका प्रमुख उद्देश्य इन यात्रियों की पाकिस्तान यात्रा को भारत की नजरों से छिपाना है। पासपोर्ट पर ठप्पा नहीं होने से भारत के लिए इन यात्रियों की पाकिस्तान यात्रा पर नजर रखना मुश्किल हो सकता है।
नवभारत टाइम्स