Nitish Kaushal: अमेरिका में भारतीय गैंगस्टकर नीतीश कौशल ऊर्फ लाला को गिरफ्तार किया गया है। उसे दो दिन पहले FBI ने अपने वांटेड लिस्ट में शामिल किया था। एजेंसी ने कहा कि उससे ‘आपराधिक गतिविधियों की जांच से जुड़े मामलों में वांछित अन्य भगोड़ों का पता लगाने’ में मदद ली जाएगी।
17 जुलाई, 2026 – वॉशिंगटन: भारतीय गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। वह ‘जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज़्ड क्राइम ग्रुप’ का सदस्य है और फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) को उसकी तलाश थी। कौशल पर एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन का हिस्सा होने, अपहरण और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
FBI ने दो दिन पहले नीतीश कौशल को अपनी ‘वांटेड’ लिस्ट में शामिल किया था। ‘रैकेटीयर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइज़ेशन्स’ (RICO) एक्ट के तहत उसके ऊपर अपराधों की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था। कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के लिए अमेरिकी जिला अदालत ने 25 जून को कौशल के खिलाफ एक फेडरल गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
अमेरिका में गैंगस्टर नीतीश कौशल गिरफ्तार
नीतीश कौशल को ‘लाला’ के नाम से भी जाना जाता है। वो एक भारतीय नागरिक है। उस पर अपहरण और मारपीट जैसी हिंसक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। FBI के मुताबिक उसने यह सब ‘भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप’ के लिए किया जो पंजाब में शुरू हुआ था और कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट और अन्य जगहों पर सक्रिय था। गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए FBI ने बताया कि नीतिश कौशल को वरमोंट में गिरफ्तार किया गया है। एजेंसी ने कहा कि उससे ‘आपराधिक गतिविधियों की जांच से जुड़े मामलों में वांछित अन्य भगोड़ों का पता लगाने’ में मदद ली जाएगी।
नीतीश कौशल कौन है?
रिपोर्ट के मुताबिक वह पंजाब से संचालित होने वाले जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए अमेरिकी जमीन पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और ड्रग्स तस्करी जैसी वारदातों को अंजाम देता था। उसका जन्म 15 जून 2000 को हुआ था और उसकी उम्र करीब 26 साल है। आपराधिक दुनिया में उसे मुख्य रूप से ‘लाला’ के नाम से पुकारा जाता है। उसका गैंग सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है बल्कि इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया, कनाडा और यूरोपीय देशों तक फैल चुका है।
नवभारत टाइम्स