दिल्ली में NDA नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश कांग्रेस की नीतियों और सोच के ‘कुचक्र’ से बाहर निकलकर तेज विकास की राह पर आगे बढ़ा है।
11 जून, 2026 – नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से वादा किया कि देश हित के बड़े फैसलों का सिलसिला और भी तेज होगा, देश तेजी से आगे बढ़ेगा। पीएम ने कहा कि हमारा बैंचमार्क ये होना चाहिए कि 12 साल में जो स्पीड रही है उसे और बढ़ा कैसे बना सकते हैं। पीएम को तौर पर लगातार 12 साल पूरे करने पर एनडीए घटक दलों के नेताओं ने पीएम का अभिनंदन किया और इसका प्रस्ताव पास किया। पीएम ने उस उपलब्धि को एनडीए कार्यकर्ताओं की उपलब्धि बताया और उनका अभिनंदन प्रस्ताव कार्यकर्ताओं को समर्पित किया।
राजनीतिक स्पर्धा नहीं विकास की स्पर्धा
पीएम ने कहा कि दुनिया भारत में ग्लोबल सप्लाई चेन का पार्टनर देख रही है और हमें दुनिया की इन अपेक्षाओं पर खरा उतर कर दिखाना है। उन्होंने कहा कि सोलर एनर्जी पर काम चल रहा है अब हमें न्यूक्लियर एनर्जी के लक्ष्यों को भी तेजी से हासिल करना है। आज हम मेड इन इंडिया ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बना रहे है, वह दिन दूर नहीं जब भारत सिविल एयरक्राफ्ट भी बनाएगा। साथ ही कहा कि आने वाले वक्त में दुनिया टूरिजम और स्पोर्टस में भी भारत का सामर्थ्य देखेगी। पीएम ने कहा कि राज्यों के बीच स्वस्थ्य स्पर्धा हो। राजनीतिक स्पर्धा से ऊपर उठकर विकास की स्पर्धा करें।
जनता ही ईश्वर का रूप
पीएम ने कहा कि पीएम के तौर पर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का यह अवसर, इसे मैं अपना सौभाग्य मानता हूं। यह ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है और मेरे लिए तो जनता-जनार्दन ही ईश्वर का रूप है। ये मेरी उपलब्धि नहीं हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है। ये एनडीए के हर घटक दल की एकसमान उपलब्धि है। मोदी ने कहा कि देश की जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा है। ये जनता की परिपक्वता ही है कि उसने लंबे समय तक मुझे इस तरह जनता की सेवा का अवसर दिया।
कांग्रेस पर निशाना
पीएम ने कहा कि 2014 से पहले के कई दशक अस्थिरता और उथल पुथल से भरे थे जिसका देश को नुकसान भी उठाना पड़ा। भारत के लोगों ने पहली बार यह देखा है जब सही नीयत से सरकार चलती है तो तेज गति से विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि एनडीए के 12 सालों की यह सफलता ये भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है।
- कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था। लोगों को ये अहसास कराया गया था कि विकास धीरे धीरे ही होता है। और चतुराई से इस धीमी विकास को नाम दिया था हिंदू ग्रोथ रेट। यानी कार्यशैली, दायित्व, विफलता कांग्रेस की लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया। जबकि इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था कांग्रेस ग्रोथ रेट।
- पीएम मोदी ने हर क्षेत्र में इन 12 सालों में हुए कामों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि जब 12 साल में इतना हो सकता है तो फिर दशकों तक क्यों नहीं हुआ। ये कांग्रेस ग्रोथ और एनडीए ग्रोथ रेट का अंतर है। एक व्यवस्था लोगों को इंतजार कराती थी, आज की व्यवस्था परिणाम दिखाती है। उन्होंने कहा कि 2014 से 2016 की कहानी सिर्फ आंकड़ों की कहानी नहीं बल्कि उस भारत की कहानी है जिसने पहली बार अपनी पूरी क्षमता से दौड़ना शुरू किया है। वह नए लक्ष्य रख रहा है और उसे पूरा करने के लिए मेहनत कर रहा है। आकांक्षी भारत के गर्भ में विकसित भारत पल रहा है।
अभिनंदन प्रस्ताव पास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के केंद्र में 12 साल पूरे होने पर एनडीए की एक बड़ी बैठक हुई। इसमें एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एनडीए के सभी दलों के सीनियर नेता शामिल हुए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी के अभिनंदन का प्रस्ताव पेश किया।
- यह प्रस्ताव केंद्र में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने और मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की उपलब्धि के संदर्भ में रखा गया। नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफिउ रियो ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। प्रस्ताव का समर्थन जीतन राम मांझी, एचडी कुमारास्वामी, एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान, जयंत चौधरी, विष्णुदेव साय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। अनुप्रिया पटेल ने प्रस्ताव पढ़ा।
सुदर्शन चक्र पर तेजी से काम
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी नीति है कि हम न आँख उठाकर बात करेंगे, न आँख झुका कर बल्कि आंख मिलाकर बराबरी की बात करेंगे। हमारी स्पष्ट नीति है कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन किसी ने यदि छेड़ा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं।
- उन्होंने कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा के लिए सुदर्शन चक्र की तैनाती की बात कही थी, हम उस पर बहुत तेज गति से काम कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह कहा कि आजादी के बाद के शुरुआती सालों में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं थी, तब आजादी का पूरा यश कांग्रेस के साथ था लेकिन आज पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस के समय बार बार जनता द्वारा आशीर्वाद मिलना बताता है कि पीएम मोदी की यात्रा लोकतांत्रिक स्वीकृति की भी यात्रा है।
बंगाल सीएम ने परोसी झालमुड़ी
मीटिंग के दौरान झालमुड़ी भी छाई रही। पीएम सहित एनडीए नेताओं ने झालमुड़ी का स्वाद लिया। पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी झालमुड़ी परोसी। बंगाल चुनाव में झालमुड़ी छाई रही थी, जब पीएम मोदी प्रचार के दौरान अचानक एक झालमुड़ी की दुकान में पहुंच गए थे
नवभारत टाइम्स