कूड़े के ढेर बढ़े; प्रदर्शन से कई इलाकों में जाम
नगर निगम पटियाला के सफाई सेवक और सीवरमैन पांच दिनों से हड़ताल पर हैं। धरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि शहर में कूड़े के ढेर और बंद सीवरेज से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
12 मई, 2026 – पटियाला : पंजाब की रॉयल सिटी पटियाला में नगर निगम के सफाई सेवकों और सीवरमैन की हड़ताल अब शहरवासियों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। पांच दिनों से जारी हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लग चुके हैं, जबकि सीवरेज जाम की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं।
हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को बदबू, गंदगी और यातायात बाधित होने जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को सफाई सेवकों और सीवरमैन ने शेरावाला गेट के आगे सड़क पर धरना लगाकर रास्ता बंद कर दिया। कर्मचारियों ने साफ कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक धरना पूरे दिन जारी रहेगा।
सड़क बंद होने के कारण शेरावाला गेट से धर्मपुरा बाजार की तरफ जाने वाले यातायात को दूसरे मार्गों पर मोड़ना पड़ा। इससे शहर के कई अन्य हिस्सों में लंबा जाम लग गया और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोग हुए परेशान, जता रहे रोष
धरने और रास्ता बंद होने के कारण कामकाजी लोगों, दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई वाहन चालकों को लंबा रास्ता तय करना पड़ा। शहर के अंदरूनी इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई।
दूसरी ओर सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने से शहर में गंदगी फैलने लगी है। मुख्य सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में कूड़ा जमा हो गया है। कई स्थानों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिन्हें उठाने वाला कोई नहीं है। बढ़ती गर्मी और कूड़े से उठ रही बदबू के कारण लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
सीवरेज जाम की शिकायतें बढ़ी
हड़ताल का असर सीवरेज व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पिछले पांच दिनों में सीवरेज जाम की शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा। कई इलाकों में गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
नगर निगम के अधिकारी भी फिलहाल बेबस नजर आ रहे हैं। कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद शिकायतों के समाधान को लेकर निगम ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं शहर के लोग अब प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर हालात सामान्य करने की मांग कर रहे हैं।
दैनिक जागरण