हिन्दू संगठनों ने किया विरोध
उधम सिंह नगर के नानकमत्ता नवीन नगर में ईसाई मिशनरी द्वारा आयोजित चंगाई सभा पर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। विवाद पथराव तक बढ़ा, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए।
21 अप्रैल, 2026 – पंजाब में ईसाई मिशनरियों के धर्मांतरण कराए जाने की घटनाओं के बाद अब इनके जाल उत्तराखंड के मिनी पंजाब तक फैल गए लगते हैं। नानकमत्ता के गांव नवीन नगर क्षेत्र में जनजाति और गरीब पिछड़े समाज के बीच कथित धर्मांतरण सभा कर रहे मिशनरी कार्यकर्ताओं और विहिप बजरंगदल कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई है।
चंगाई सभा का आयोजन
जानकारी के मुताबिक एक ईसाई मिशनरी द्वारा यहां चंगाई सभा का आयोजन किया गया था और बड़ी संख्या में जनजाति गरीब लोगों को एकत्र करके धार्मिक प्रवचन दिए जा रहे थे। इस सभा की भनक लगते ही विहिप के अध्यक्ष अजय भगत, बजरंग दल के प्रांत संयोजक पूरन जोशी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस सभा का विरोध किया ,इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद इतना बड़ा कि पथराव शुरू हो गया। इस घटना में प्रियांशु राणा, सुनीता देवी, रेणुवती, सरजू, किशन आदि दर्जनों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंचे जहां से घायलों को अस्पताल ले जाकर उनका इलाज और मेडिकल करवाया गया।हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों की तरफ से प्रशासन को ज्ञापन भी दिया गया और पुलिस में तहरीर भी दी गई है। उधर ईसाई संगठन की तरफ से सुशील मसीह गिल की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है। जानकारी के मुताबिक हिंदू संगठनों की तरफ से दी गई तहरीर को पुलिस ने दर्ज कर लिया है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।
पांचजन्य