शारीरिक शोषण से पीड़ित युवतियां न्याय के लिए पानी की टंकी पर चढ़ीं
Punjab Barnala Rape Victims Protest: पंजाब के बरनाला में शारीरिक शोषण से पीड़ित 3 युवतियां पुलिस कार्रवाई न होने पर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। AAP सरकार पर उठाए सवाल।
22 अगस्त, 2026 – बरनाला : पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान का इसी बात से अनुमान लगाया जा सकता है कि शारीरिक शोषण से पीडि़त महिलाओं को न्याय हासिल करने के लिए सडक़ों पर उतरना पड़ रहा है।
पंजाब के बरनाला जिला प्रशासनिक परिसर और कोर्ट परिसर के पास बुधवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब तीन दुष्कर्म पीडि़त युवतियां पानी की टंकी पर चढ़ गईं।
युवतियों ने अपने-अपने मामलों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवतियों से बातचीत शुरू की।
महिलाओं ने लगाए आरोप
पहली युवती ने आरोप लगाया कि अस्पताल में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात लुधियाना के गांव सहौली निवासी एक ड्राइवर से हुई थी। युवती के मुताबिक, आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। उसने वीडियो के जरिए ब्लैकमेल और धमकाने का भी आरोप लगाया है।
दूसरी युवती ने आरोप लगाया कि रायकोट निवासी एक व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर करीब तीन वर्षों तक उसका शोषण किया। युवती के अनुसार, उसने पुलिस और प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
तीसरी युवती ने सेखा रोड निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक शोषण करने का आरोप लगाया।
युवती के मुताबिक, आरोपी बाद में विदेश चला गया और उससे संपर्क बंद कर दिया। उसने आरोपी के परिवार के कुछ सदस्यों पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
शिकायतों के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं
युवतियों ने बताया कि इंसाफ की मांग को लेकर अधिकारियों के पास शिकायतें देते समय उनकी आपस में मुलाकात हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने मामलों में कार्रवाई के लिए एक साथ विरोध करने का फैसला लिया।
शिकायतों पर रिपोर्ट डीएलए सेल को भेजी
थाना बरनाला के एसएचओ चरणजीत सिंह ने बताया कि एक युक्ति की शिकायत को डीएलए सेल में भेज दिया गया है और दो युवतियों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट तैयार कर रही हैं, से भी जल्दी ही कानूनी कार्रवाई के लिए भेज देंगे। उन्होंने कहा कि युवतियों के बयान और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पांचजन्य